जयपुर में ‘उधम उद्घोष’! शहीद उधम सिंह के शौर्य को नमन, दिया कुमारी ने किया याद
Friday, Aug 14, 2026-07:13 PM (IST)
जयपुर : देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले महान क्रांतिकारी एवं स्वतंत्रता सेनानी शहीद सरदार उधम सिंह की स्मृति में शुक्रवार को जयपुर स्थित कांस्टीट्यूशन क्लब में ‘उधम उद्घोष : हम हैं उधम’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने शिरकत कर शहीद उधम सिंह को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि शहीद उधम सिंह का अदम्य साहस, राष्ट्रभक्ति और मातृभूमि के प्रति समर्पण आज भी प्रत्येक भारतीय को देशहित में समर्पित रहने की प्रेरणा देता है। उनका जीवन त्याग, शौर्य और संकल्प की ऐसी अमर गाथा है, जो आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्र के प्रति कर्तव्य निभाने का संदेश देती रहेगी। उन्होंने शहीद उधम सिंह के महान बलिदान को नमन करते हुए कहा कि देश की स्वतंत्रता के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले वीर सपूतों का योगदान सदैव देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।
कार्यक्रम में पूज्य बाबा ब्रह्म दास जी महाराज, अंतर्राष्ट्रीय सर्व काम्बोज समाज के अध्यक्ष बलदेव सिंह खिंडा, हरियाणा गौसेवा आयोग के अध्यक्ष रामचन्द काम्बोज, राम प्रकाश काम्बोज, एडिशनल एडवोकेट जनरल राजस्थान सरकार गुरु चरण गिल, राजेश काम्बोज, जसवंत खत्री एवं कार्यक्रम आयोजक: मनु कंभोज, महासचिव, अंतरराष्ट्रीय सर्व कंभोज तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
