सीकर में संतों का बड़ा ऐलान: गौ रक्षा के लिए आर-पार की लड़ाई, 27 अप्रैल को देशव्यापी प्रदर्शन

Monday, Apr 06, 2026-03:00 PM (IST)

सीकर: राजस्थान के सीकर में शेखावाटी क्षेत्र के संत-महात्माओं ने गौ रक्षा को लेकर बड़ा आंदोलन छेड़ने का ऐलान किया है। कल्याण धाम में आयोजित ‘गौ सम्मान आह्वान अभियान’ की बैठक में संतों ने एकजुट होकर स्पष्ट कहा कि अब गौ रक्षा के मुद्दे पर आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी।

 

इस बैठक में प्रकाश नारायण महाराज और विष्णु प्रसाद शर्मा के सान्निध्य में कई संतों ने भाग लिया और गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग उठाई। संतों का कहना है कि भारत में गाय को माता का दर्जा प्राप्त है, इसलिए उसकी हत्या को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता।

 

पालवास करणी गौशाला के महंत चंद्रमादास महाराज ने जानकारी दी कि 27 अप्रैल 2026 को पूरे देश में ‘गौ सम्मान दिवस’ मनाया जाएगा। इस दिन जिला और तहसील स्तर पर बड़े प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे। साथ ही जिला कलेक्टर, एसडीएम और तहसीलदारों के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और राज्यपाल को ज्ञापन भेजे जाएंगे।

 

सीकर में इस अभियान के तहत एक विशाल रैली भी निकाली जाएगी, जो कल्याण धाम से कलेक्ट्रेट तक जाएगी। रैली के दौरान हरि कीर्तन का आयोजन किया जाएगा और इसके बाद प्रशासन को मांग पत्र सौंपा जाएगा। संतों ने बताया कि इस अभियान के माध्यम से गाय को ‘राष्ट्रमाता’ का दर्जा दिलाने और गौ हत्या पर सख्त कानून बनाने की मांग को राष्ट्रीय स्तर पर उठाया जाएगा।

 

इसके साथ ही देशभर में हस्ताक्षर अभियान भी शुरू किया गया है, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इस आंदोलन से जोड़ा जा सके। संतों ने स्पष्ट कहा कि जब तक गौ वंश की रक्षा, सुरक्षा, सम्मान और उचित अनुदान सुनिश्चित नहीं हो जाता, तब तक यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

 

बैठक में महावीरजती, माधवदास, अमर दास, किशनगिरी, सुंदर दास, पाराशरनाथ, सूर्यनाथ, श्याम सुन्दरपुरी, चतुर्भुज दास, भगवान दास, ध्यान नाथ, लड्डू गोपाल दास और अनंत दास सहित कई संतों ने अपने विचार रखे। इसके अलावा विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी, सदस्य और सैकड़ों गौ भक्त भी मौजूद रहे।

 

इस ऐलान के बाद अब 27 अप्रैल को होने वाले देशव्यापी प्रदर्शन पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं, जो इस मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर एक नई दिशा दे सकता है।


Content Editor

Anil Jangid

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News