राजस्थान में बम की धमकी से हड़कंप: अजमेर, सीकर समेत कई शहरों में अलर्ट, पासपोर्ट केंद्र खाली

Friday, Mar 27, 2026-07:30 PM (IST)

अजमेर: राजस्थान के कई शहरों में बम की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। अजमेर, सीकर, जैसलमेर और हनुमानगढ़ समेत कई स्थानों पर पासपोर्ट सेवा केंद्र और मुख्य डाकघरों को निशाना बनाए जाने की धमकी से हड़कंप मच गया।

 

बताया जा रहा है कि जयपुर स्थित रीजनल पासपोर्ट ऑफिस को एक धमकी भरा ईमेल भेजा गया, जिसमें अजमेर के जीपीओ स्थित पासपोर्ट सेवा केंद्र को बम से उड़ाने की बात कही गई। ईमेल में दावा किया गया कि कई शहरों के पासपोर्ट ऑफिस और डाकघरों में विस्फोटक लगाए गए हैं। इस सूचना के बाद प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी संबंधित परिसरों को खाली करा लिया।

 

स्थानीय पुलिस, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं और पूरे क्षेत्र को घेरकर सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया। संदिग्ध वस्तुओं की जांच की जा रही है और आसपास के इलाकों में आवाजाही पर भी अस्थायी रोक लगाई गई है।

 

धमकी भरे ईमेल में बेंगलुरु मेडिकल कॉलेज से जुड़े एक कथित विवाद का जिक्र करते हुए राजनीतिक और सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश भी की गई है। हालांकि, प्रशासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए हर एंगल से जांच शुरू कर दी है।

 

सीकर में उद्योग नगर थाना पुलिस ने पासपोर्ट कार्यालय को खाली कराकर गहन जांच की, वहीं जैसलमेर और हनुमानगढ़ में भी मुख्य डाकघर और पासपोर्ट केंद्रों को खाली कराया गया। अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और पूरे इलाके में कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

 

खुफिया विभाग की टीमें भी मामले की जांच में जुटी हुई हैं और ईमेल भेजने वाले की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और कोई भी संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत सूचना दें।

 

फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन एहतियात के तौर पर पूरे राज्य में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।


Content Editor

Anil Jangid

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News