डोटासरा के बयान पर राजेन्द्र सिंह राठौड़ का पलटवार, बोले – गैर-जिम्मेदार और हास्यास्पद बयान

Thursday, Mar 12, 2026-07:31 PM (IST)

जयपुर। राजस्थान में एलपीजी गैस संकट को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच बयानबाज़ी तेज हो गई है। पूर्व नेता प्रतिपक्ष और वरिष्ठ भाजपा नेता राजेन्द्र सिंह राठौड़ ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के बयान पर पलटवार करते हुए उसे गैर-जिम्मेदार और हास्यास्पद बताया है।

राठौड़ ने कहा कि देश के संविधान ने सभी को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता दी है, लेकिन इसके साथ नैतिक जिम्मेदारियां भी जुड़ी होती हैं। वर्तमान में वैश्विक परिस्थितियों के कारण दुनिया के कई देशों में पेट्रोल, गैस और नेचुरल गैस की आपूर्ति प्रभावित हुई है, लेकिन इसके बावजूद राजस्थान में किसी प्रकार की कमी या कालाबाजारी की स्थिति नहीं है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री लगातार बैठकें कर रहे हैं और गैस आपूर्ति की स्थिति पर स्वयं निगरानी रख रहे हैं। ऐसे समय में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष द्वारा दिए जा रहे बयान अनावश्यक रूप से प्रदेश में पैनिक का माहौल पैदा कर रहे हैं, जो किसी भी जिम्मेदार राजनीतिक नेता के लिए उचित नहीं है।

राठौड़ ने डोटासरा के लोकसभा अध्यक्ष और कोटा एयरपोर्ट को लेकर दिए गए बयान पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि ऐसे बयान अब हास्य का कारण बनते जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान भाजपा ने आगे बढ़कर सरकार का साथ देने की बात कही थी और उसी प्रकार वर्तमान परिस्थितियों में भी सभी राजनीतिक दलों को मिलकर सरकार का सहयोग करना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि फिलहाल प्रदेश में गैस की कोई कमी या कालाबाजारी नहीं है, लेकिन इस तरह के बयानों से अनावश्यक भ्रम फैल रहा है और कालाबाजारी को बढ़ावा मिल सकता है।


Content Editor

Sourabh Dubey

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News