सीएम का दावा- 74% वादे पूरे, राठौड़ बोले- चूरू के लिए हर वक्त तैयार
Thursday, Apr 23, 2026-05:33 PM (IST)
चूरू में बुधवार को आयोजित संकल्प सभा में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राज्य सरकार के कामकाज को लेकर बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार ने पिछले करीब सवा दो साल में विकास की दिशा में लगातार काम किया है और संकल्प पत्र के लगभग 74 प्रतिशत वादों को पूरा किया जा चुका है। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि बाकी वादों को भी समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।
जिला स्टेडियम के पास लेफ्टिनेंट जनरल सगत सिंह की प्रतिमा के अनावरण के बाद कृषि मंडी में हुई इस सभा में मुख्यमंत्री ने जल संसाधनों से जुड़ी परियोजनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि ईआरसीपी, यमुना जल समझौता, इंदिरा गांधी नहर, देवास, माही और ब्राह्मणी जैसी योजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है, जिससे प्रदेश में पानी की उपलब्धता को बेहतर बनाया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और उन्हें क्षेत्र का लोकप्रिय नेता बताया। वहीं, अपने संबोधन में राजेंद्र राठौड़ ने चूरू से अपने जुड़ाव को दोहराते हुए कहा कि वे हमेशा यहां की जनता के लिए उपलब्ध रहेंगे। उन्होंने चूरू को मरुस्थलीय जिले में शामिल किए जाने पर मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए इसके लाभ भी गिनाए।
सभा को केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुभाष महरिया सहित कई नेताओं ने संबोधित किया। वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश में डबल इंजन सरकार के चलते कई विकास कार्यों को गति मिली है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और आमजन मौजूद रहे। आयोजन के दौरान लोगों के लिए राबड़ी और छाछ की व्यवस्था की गई, जबकि पूर्व सैनिकों की भी अच्छी भागीदारी देखने को मिली। कई नेताओं ने मंच से अपने विचार रखे और सरकार की योजनाओं पर चर्चा की |
