कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल का पलटवार, पटेल ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को दिखाया आईना, बोले, ''''कांग्रेस ने सचिन पायलट को मुख्यमंत्री नहीं बनने दिया''''
Friday, Mar 21, 2025-05:39 PM (IST)

जयपुर, 21 मार्च 2025। संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने विधान सभा में मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत मीडिया में सुर्खियों में रहने के लिए ही नेगेटिव बोलते हैं। वे अनावश्यक बात कर के सिर्फ सुर्ख़ियों में रहने का काम करते हैं, मुद्दों पर बात नहीं करते। वे विधानसभा आए पर सदन में नहीं आए, बस मीडिया के सामने ही उपस्थित रहे। उन्हें विधानसभा में आकर मुद्दों पर बात करनी चाहिए। उनको सरदारपुरा की जनता ने मौका दिया पर वे सदन के अंदर तक नहीं आए। वे सिर्फ कांग्रेस की गुटबाजी को हवा देने का काम करते हैं।
जोगराम पटेल ने कहा कि राजस्थान में मुख्यमंत्री और सरकार कांग्रेस के रहमोकरम पर नहीं बनी है, कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत जी उसे मौका देंगे। सचिन पायलट जी को मुख्यमंत्री क्यों नहीं बनने दिया, उनको मौका क्यों नहीं दिया? पायलट जी को मौका देने की बजाय रगड़ाई की बात क्यों की? मौका देने की बजाय होटलों में कैंपिंग क्यों की? परस राम मदेरणा जी, सीपी जोशी जी को मौका क्यों नहीं दिया गया। गहलोत जी आपने 25 सितंबर 2022 को जयपुर आए कोंग्रेस अध्यक्ष के दूत मल्लिकार्जुन खरगे को नाटक रच कर के विधायकों से मिलने का मौका क्यों नही दिया।
जोगाराम पटेल ने कहा कि राजस्थान की जनता ने आपकी पार्टी को एक बार 1998 में मौका दिया था, पर आपने अन्य योग्य नेताओं को आगे बढ़ने का मौका नहीं दिया। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत जी टीकाराम जूली जी को मौका क्यों नहीं दे रहे बोलने का। गहलोत जी जब विधानसभा के बाहर धरने पर बैठे थे, पायलट जी भी साथ थे, तब उन्होंने पायलट से हाथ मिलाकर उन्हें गले मिलने का मौका क्यों नहीं दिया।
जोगाराम पटेल ने कहा कि गहलोत जी आप मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जी के नेतृत्व में एक वर्ष में हुए अनेक ऐतिहासिक कामों को पचा नहीं पा रहे हैं। कांग्रेस के नेताओं की भूमिका हमेशा से नकारात्मक रही है। पटेल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने इस बार टीकाराम जूली को नेता प्रतिपक्ष बनाया पर गहलोत जी उन्हें सदन में बोलने तक का मौका नहीं देते। राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान जूली का नंबर आया तो उन्हें बोलने नहीं दिया गया। लेकिन हमने उन्हें, विभिन्न विषयों पर सदन में बोलने का मौका दिया, इसका काउंटर करने आज गहलोत जी विधानसभा आए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधानसभा में विधान डालने का काम कर रही है। जनता के समय का बाय काट कर रही है। यह गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जी के नेतृत्व में सरकार शानदार काम कर रही है। राजस्थान के बजट की क्रियान्विति, युवाओं को रोजगार देने जैसे काम मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जी के कुशल मार्गदर्शन में हो रहा है। विधानसभा सही चल जनता के मुद्दों की चर्चा हो सरकार यही चाहती है।
जोगाराम पटेल ने कहा कि मैं पुनः आग्रह करता हूं कि गहलोत जी सदन में आएं, सदन की कार्यवाही में हिस्सा लें, राजस्थान की 8 करोड़ जनता से जुड़े विषयों में पर चर्चा करें।