नगर निकाय चुनाव 2026: सीएम भजनलाल ने डाला वोट, वोटिंग के दौरान अशोक गहलोत के पैर छूने का मामला गरमाया

Friday, Sep 11, 2026-04:31 PM (IST)

जयपुर। नगरीय निकाय चुनाव के दूसरे चरण में जयपुर सहित राजस्थान के 6 नगर निगमों व 20 नगर परिषदों व 121 नगर पालिकाओं के लिए आज मतदान किया जा रहा है, जो शाम 6 बजे तक चलेगा। इस दौरान सीएम भजनलाल शर्मा से लेकर मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, डिप्टी सीएम दीया कुमारी, पुलिस ​डीजी, सतीश पूनिया, गजेंद्र सिंह शेखावत, वसुंधरा राजे, पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने अपने बयान जारी किए हैं। अपने बयानों में नेताओं जनता से अपने मत का प्रयोग करने की अपील की।

 

सीएम भजनलाल शर्मा ने वोट डालकर की अपील

नगरीय निकाय चुनाव 2026 के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर के जगतपुरा में पत्नी व बेटे के साथ वोट डालकर जनता से अधिक से अधिक संख्या में वोट डालने के लिए आने की अपील की है।

 

मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने किया मत का प्रयोग
राजस्थान सरकार के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने भी आज जयपुर नगर निगम के चुनाव में हिस्सा लिया और अपना वोट डाला। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने जनता से अधिक से अधिक संख्या में मतदान में भाग लेने की अपील की।

 

राजस्थान पुलिस ​डीजी DGP राजीव शर्मा ने डाला वोट
नगर निकाय चुनाव के दौरान राजस्थान पुलिस ​डीजी DGP राजीव शर्मा ने भी अपने मत का प्रयोग किया। डीजीपी ने अपनी धर्म पत्नी भावना शर्मा के साथ गांधी नगर स्थित बूथ पर मतदान किया। डीजीपी ने सुरक्षा पर बड़ा संदेश भी दिया। डीजीपी ने मतदान के बाद हर नागरिक से मतदान का प्रयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण मतदान के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। इसके लिए हर जिले में पुलिस बल के साथ मोबाइल और रिजर्व फोर्स भी तैनात है।

 

डिप्टी सीएम दीया कुमारी ने भी लिया मतदान में भाग
डिप्टी सीएम दीया कुमारी ने जयपुर नगर निगम चुनाव 2026 के अंतर्गत वार्ड 141 के बूथ संख्या 10 पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया और लोकतंत्र के इस महापर्व में सहभागिता निभाई। उन्होंने लिखा कि मैं सभी सम्मानित मतदाताओं से भी आग्रह करती हूं कि अपने मताधिकार का अवश्य प्रयोग करें और अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर लोकतंत्र के इस पर्व को मजबूत बनाने में अपनी भूमिका निभाएं। आपका मत, आपका अधिकार और लोकतंत्र की मजबूती का आधार है।

 

बीजेपी नेता सतीश पूनिया ने सपत्नीक किया मतदान
भाजपा के दिग्गज नेता सतीश पूनिया ने भी जयपुर में नगर निगम चुनाव में मतदान करके लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी सहभागिता निभाई। उन्होंने जनता से अपील करते हुए लिखा कि आप भी अपने मताधिकार का अवश्य प्रयोग करें। आपका एक मत लोकतंत्र को सशक्त बनाने और शहर के बेहतर भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

 

गजेंद्र सिंह शेखावत ने वोट देकर की अपील
जोधुपर में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने अपने अपने मत का प्रयोग किया लिखा कि पूर्व में देश और प्रदेश की सरकार चुनने के लिए मतदान किया था, आज अपने शहर की सरकार चुनने के लिए मताधिकार का प्रयोग किया। जोधपुर नगर निगम चुनाव में रातानाडा पुलिस लाइन स्थित मतदान केंद्र पर धर्मपत्नी नोनद कंवर एवं बेटी सुहासिनी के साथ पहुंचकर मतदान किया। शहर के बेहतर भविष्य और सुशासन के लिए आप भी अपने मताधिकार का प्रयोग करें और लोकतंत्र के इस पर्व में अपनी भागीदारी निभाएं।

 

पूर्व सीएम वसुंधरा राजे ने किया वोट
राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने भी झालावाड़ में अपने मत का प्रयोग और लिखा कि झालावाड़ में चलेगी भाजपा की लहर! आपके वोट की ताक़त का दिखेगा कमाल, आपके स्नेह और आशीर्वाद से खिलेगा हर वार्ड में कमल! निकाय चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों को अपना मत, समर्थन और आशीर्वाद देकर विजयी बनायें।

 

पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने भी वोट डाला
राजस्थान के पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने भी नगरीय चुनावों में भाग लिया और लिखा कि आज जोधपुर के महामंदिर में वर्धमान जैन स्कूल स्थित मतदान केन्द्र पर नगरीय निकाय चुनाव में वोट डाला। सभी से अपील है कि अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें। हालांकि, गहलोत द्वारा मतदान प्रक्रिया पूरी कर बाहर निकलते समय पोलिंग बूथ के अंदर पैर छूने का एक वीडियो सामने आया, जिसके बाद भारतीय जनता पार्टी ने तुरंत इसे मुद्दा बनाते हुए आरोप लगाया कि ड्यूटी पर तैनात पोलिंग पार्टी के सरकारी कर्मचारी ने पूर्व सीएम के पैर छूकर आचार संहिता का उल्लंघन किया है। हालांकि, जिला निर्वाचन आयोग द्वारा कराई गई त्वरित प्राथमिक जांच में यह पूरा मामला कुछ और ही निकला और बीजेपी द्वारा लगाए गए आरोप पूरी तरह से बेबुनियाद और निराधार पाए गए।


Content Editor

Anil Jangid

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News