जयपुर में बंदरों का बढ़ता आतंक: विधानसभा में सरकार का जवाब, 4 साल में 2084 बंदर पकड़े गए

Monday, Feb 23, 2026-06:53 PM (IST)

जयपुर । नगरीय विकास राज्य मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने सोमवार को विधानसभा में कहा कि बंदरों से आमजन को हो रही समस्याओं के समाधान के लिए राज्य सरकार लगातार प्रयासरत है। बंदरों की जनसंख्या में वृद्धि और उनके प्राकृतिक आवासों में मानवीय हस्तक्षेप से बंदरों का सघन आबादी क्षेत्र में पलायन होने लगा है। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में कई घटनाएं सामने आई हैं। बंदरों को पकड़ने वाले दस्तों के माध्यम से इन्हें प्राकृतिक स्थानों पर छोड़ने की कार्रवाईयां भी की जा रही हैं। 

शून्यकाल के दौरान नगरीय विकास राज्य मंत्री ने विधायक मनीष यादव के  ध्यानाकर्षण प्रस्ताव पर जवाब दिया। उन्होंने कहा कि शाहपुरा विधानसभा क्षेत्र में वर्ष 2019-20 में 664, वर्ष 2020-21 में 310, वर्ष 2021-22 में 919 और वर्ष 2022-23 में 191 बंदरों को पकड़कर प्राकृतिक स्थानों पर छोड़ा जा चुका है। खर्रा ने सदन के सभी विधायकों से इस समस्या के समाधान के लिए सुझाव आमंत्रित किए। उन्होंने कहा कि प्राप्त सुझावों से राज्य सरकार ठोस निर्णय लेकर स्थायी समाधान निकाल सकेगी।
 


Content Editor

Kuldeep Kundara

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News