जयपुर में 15 अगस्त को निकलेगी तीज माता की शाही सवारी, 175 लोक कलाकारों के साथ दिखेगा राजस्थान का लोक वैभव

Wednesday, Aug 12, 2026-09:03 AM (IST)

जयपुर, 11 अगस्त। गुलाबी नगरी जयपुर एक बार फिर तीज माता की शाही सवारी के स्वागत के लिए तैयार है। आगामी 15 अगस्त को शाम 5:35 बजे त्रिपोलिया गेट से तीज माता की भव्य सवारी निकलेगी। इस दौरान महल-अटारियों, झरोखों और शहर के ऐतिहासिक द्वारों से तीज माता की जय-जयकार गूंजेगी। सवारी का शहर के 13 प्रमुख स्थानों पर एलईडी स्क्रीन के जरिए लाइव प्रसारण किया जाएगा।

पर्यटन विभाग के उपनिदेशक उपेंद्र सिंह शेखावत के अनुसार, अजमेरी गेट, न्यू गेट, सरावगी मेंशन, मोती डूंगरी, त्रिमूर्ति सर्किल, रामबाग सर्किल, एसएमएस स्टेडियम, महाराजा कॉलेज, बिरला मंदिर, राजस्थान यूनिवर्सिटी, राजस्थान कॉलेज, ओटीएस चौराहा और जवाहर सर्किल स्थित पत्रिका गेट पर एलईडी स्क्रीन लगाई जाएंगी। इससे त्रिपोलिया गेट तक नहीं पहुंच पाने वाले शहरवासी भी तीज माता की शाही सवारी के लाइव दर्शन कर सकेंगे।

175 लोक कलाकार दिखाएंगे राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत

इस बार तीज सवारी को पारंपरिक शोभायात्रा के साथ राजस्थान की लोक कला और सांस्कृतिक विरासत का जीवंत प्रदर्शन बनाया गया है। प्रदेशभर से करीब 175 लोक कलाकार शाही लवाजमे का हिस्सा बनेंगे। इनमें कच्ची घोड़ी, गैर, कालबेलिया, चरी-घूमर, चंग-ढप, मांगणियार गायन, भपंग, रावणहत्था, कठपुतली और बहुरूपिया जैसी लोक विधाओं की प्रस्तुतियां शामिल रहेंगी।

सवारी में घोड़ों और ऊंटों की संख्या भी बढ़ाई गई है, जिससे शाही लवाजमे की भव्यता और बढ़ेगी। इसके साथ ही शौर्य सेवा संगठन की ओर से बालिकाओं द्वारा तलवारबाजी का कौशल प्रदर्शन भी किया जाएगा। इससे तीज सवारी में आस्था, शौर्य और महिला सशक्तिकरण का संगम देखने को मिलेगा।

सिटी पैलेस से तालकटोरा तक निकलेगी सवारी

तीज माता की शाही सवारी सिटी पैलेस से रवाना होकर त्रिपोलिया गेट, छोटी चौपड़ और गणगौरी बाजार होते हुए तालकटोरा स्थित पौंड्रिक पार्क पहुंचेगी। कार्यक्रम के बाद सवारी वापस सिटी पैलेस लौटेगी।

छोटी चौपड़ पर महाआरती का आयोजन होगा। यहां जेल बैंड और आरएसी बैंड की प्रस्तुतियां भी होंगी। जयपुर व्यापार महासंघ के पदाधिकारियों की ओर से तीज माता पर पुष्पवर्षा की जाएगी। वहीं तालकटोरा पर सवारी के समापन के दौरान लोक कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। पौंड्रिक पार्क में कला मेले का भी आयोजन किया जाएगा।

ड्रोन से होगी पुष्पवर्षा, सोशल मीडिया पर लाइव स्ट्रीमिंग

इस बार तीज सवारी को आधुनिक तकनीक से भी जोड़ा गया है। शाही सवारी के दौरान ड्रोन के जरिए पुष्पवर्षा कराई जाएगी। पर्यटन विभाग के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर सवारी की लाइव स्ट्रीमिंग भी की जाएगी।

जयपुर के तीज उत्सव को देश-विदेश तक पहुंचाने के लिए डिजिटल प्रचार पर विशेष जोर दिया गया है। दिल्ली से सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को भी आमंत्रित किया गया है, जो 15 और 16 अगस्त को जयपुर में रहकर तीज उत्सव की झलकियां अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए दर्शकों तक पहुंचाएंगे।

विदेशी पर्यटकों के लिए भी विशेष इंतजाम

तीज माता की शाही सवारी देखने आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों के लिए भी विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। हिन्द होटल की टैरेस के साथ होटल के नीचे बरामदों के पास विदेशी पर्यटकों के बैठने की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा प्रमुख होटलों में तीज उत्सव से जुड़ी प्रचार सामग्री और ब्रोशर भी उपलब्ध करवाए गए हैं।

इस बार जयपुर की तीज सवारी में परंपरा, लोक संस्कृति, शौर्य और आधुनिक तकनीक का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। 15 अगस्त को गुलाबी नगरी की ऐतिहासिक गलियां तीज माता की भव्य शाही सवारी और राजस्थान के लोक वैभव की गवाह बनेंगी।


Content Editor

Sourabh Dubey

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News