जयपुर में अवैध हुक्का बार पर पुलिस का छापा, अलवर BJP नेता जय आहूजा की पूर्व पार्टनरशिप का खुलासा
Friday, Jun 19, 2026-02:55 PM (IST)
जयपुर: जयपुर में अवैध हुक्का बार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जवाहर सर्कल थाना क्षेत्र के जेएलएन मार्ग स्थित 3डी रेस्टोरेंट एंड बार पर छापा मारा। इस कार्रवाई में पुलिस ने मौके से हुक्का बार का भंडाफोड़ किया और रेस्टोरेंट मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, वहां हुक्का पी रहे छह युवकों के खिलाफ कोटपा (COTPA) अधिनियम के तहत चालान की कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर की गई थी। सूचना में बताया गया था कि यूडीबी बिल्डिंग स्थित इस रेस्टोरेंट में ग्राहकों को खाने-पीने के साथ अवैध रूप से हुक्का परोसा जा रहा है। सूचना पर एसआई श्याम प्रकाश के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और छापा मारा।
छापेमारी के दौरान पुलिस को रेस्टोरेंट के अंदर अलग-अलग टेबलों पर सात हुक्के, सात पाइप और सात चिलम मिलीं। इन सभी में जलते हुए कोयले और तंबाकूयुक्त फ्लेवर का उपयोग किया जा रहा था। पुलिस ने मौके से कई तंबाकू फ्लेवर के डिब्बे भी जब्त किए हैं, जिनमें ‘एक्सट्रीम गोल्ड लाइन आइस मैंगो’ जैसे फ्लेवर शामिल हैं।
पुलिस जांच में सामने आया कि रेस्टोरेंट में हुक्का संचालन के लिए कोई वैध लाइसेंस या अनुमति नहीं थी। जब मैनेजर जितेन्द्र सिंह (39) से दस्तावेज मांगे गए, तो वह कोई भी अनुमति प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
डीसीपी (ईस्ट) रंजीता शर्मा ने बताया कि अवैध हुक्का बार संचालन के खिलाफ यह कार्रवाई सख्त निगरानी अभियान का हिस्सा है और आगे भी ऐसे प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई जारी रहेगी।
इस बीच, इस रेस्टोरेंट को लेकर राजनीतिक चर्चा भी शुरू हो गई है, क्योंकि जानकारी सामने आई है कि अलवर के भाजपा नेता जय आहूजा की इस रेस्टोरेंट में पहले पार्टनरशिप थी। हालांकि, जय आहूजा ने स्पष्ट किया है कि उन्होंने 2023 में विधानसभा चुनाव से पहले ही इस पार्टनरशिप को छोड़ दिया था और उनकी संपत्ति विवरण में भी इसका उल्लेख है।
फिलहाल, पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि रेस्टोरेंट में अवैध हुक्का बार कब से संचालित हो रहा था और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं।
