जयपुर के मिस्टर भारत जीतेंद्र शर्मा को मिला वर्ल्ड ग्लोबल इम्पैक्ट अवॉर्ड 2026

Saturday, Feb 28, 2026-02:38 PM (IST)

जयपुर। देश की राजधानी नई दिल्ली में आयोजित अंतरराष्ट्रीय वर्ल्ड ग्लोबल फेस्टिवल एवं वर्ल्ड ग्लोबल समिट 2026 के दौरान जयपुर के प्रसिद्ध मॉडल, अभिनेता, संस्कृतिकर्मी एवं “मिस्टर भारत” जीतेंद्र शर्मा (शुभ विचार) को वर्ष 2026 का प्रतिष्ठित “वर्ल्ड ग्लोबल इम्पैक्ट अवॉर्ड” प्रदान किया गया।

 

20 देशों के प्रतिनिधि रहे उपस्थित
आई.आई. कल्चरल सेंटर, नई दिल्ली में आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय समिट में अमेरिका, इटली, स्वीडन, अफ्रीका, रूस सहित 20 देशों से संस्कृति, कला, शिक्षा, उद्योग, विज्ञान, स्वास्थ्य, राजनीति एवं महिला सशक्तिकरण जैसे विविध क्षेत्रों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों द्वारा सर्वसम्मति से जीतेंद्र शर्मा को वर्ष 2026 के लिए इस सम्मान हेतु चुना गया।

 

कार्यों का प्रभाव पूरे विश्व में
समिति के अनुसार, जीतेंद्र शर्मा अपने विचारों, लेखन, भारतीय पारंपरिक पहनावे, सात्विक खानपान, फैशन शो, रंगमंच एवं नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से विश्व मंच पर भारतीय सनातन हिंदू संस्कृति, परंपरा एवं जीवन मूल्यों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत कर रहे हैं। उनके कार्यों का प्रभाव भारत सहित अमेरिका, इटली, रूस एवं अन्य देशों में स्पष्ट रूप से देखा गया है। इसी वैश्विक सांस्कृतिक प्रभाव को ध्यान में रखते हुए उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।

 

भारतीय संस्कृति को विश्व पटल पर प्रतिष्ठित किया
इस अवसर पर भारत में समिट के मुख्य आयोजक स्वर्ण भारत ट्रस्ट के चेयरमैन पीयूष पंडित ने जीतेंद्र शर्मा को बधाई देते हुए कहा कि “भारतीय संस्कृति को विश्व पटल पर प्रतिष्ठित करना गौरव का विषय है।”

 

जीतेंद्र शर्मा का संक्षिप्त परिचय
जयपुर के निकट शिवदासपुरा के ग्राम मलवा में बागड़ा ब्राह्मण समाज के किसान परिवार में जन्मे जीतेंद्र शर्मा ने राजस्थान विश्वविद्यालय, जयपुर के संगीत विभाग से शास्त्रीय संगीत में स्नातकोत्तर उपाधि प्राप्त की तथा शास्त्रीय नाट्य में शोध कार्य किया। वे विश्वविद्यालय छात्रसंघ के अध्यक्ष एवं कल्चरल सेक्रेटरी भी रहे।

 

उन्होंने भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत राष्ट्रीय सेवाकर्मी के रूप में कार्य किया तथा चीन में भारत सरकार के यूथ डेलीगेशन के अंतर्गत यूथ एम्बेसडर के रूप में भारत का प्रतिनिधित्व किया।

 

वर्तमान में वे एक स्थापित मॉडल, अभिनेता एवं “शुभ विचार संस्था, जयपुर” के संस्थापक के रूप में युवा वर्ग में संगीत, नाटक एवं सांस्कृतिक अभियानों के माध्यम से सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार में सक्रिय हैं।

 

उनके सांस्कृतिक योगदान के लिए उन्हें गोवा सरकार द्वारा राज्यपाल सहित प्रख्यात हस्तियों जैसे हेमा मालिनी, जयाप्रदा, ईशा देओल एवं तुषार कपूर द्वारा सम्मानित किया जा चुका है।


Content Editor

Anil Jangid

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News