फर्जी SI बनकर करवाई शादी, नौकरी के नाम पर 30 लाख की ठगी: फतेहाबाद में लड़की का पिता और मौसा गिरफ्तार
Saturday, Mar 07, 2026-03:34 PM (IST)
हरियाणा के फतेहाबाद में शादी और नौकरी के नाम पर 30 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। फतेहाबाद पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (इकोनॉमिक सेल) ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजस्थान के चूरू जिले के देवगढ़ गांव निवासी रामचंद्र और सिरसा जिले के रूपाणा बिश्नोईयान गांव निवासी विनोद कुमार के रूप में हुई है। दोनों आरोपी लड़की के पिता और मौसा बताए जा रहे हैं।
इकोनॉमिक सेल प्रभारी संदीप के अनुसार, गांव दौलतपुर निवासी और राइस मिल में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत रमेश कुमार ने पुलिस को शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया कि आरोपियों ने उनके बेटे की शादी झूठी जानकारी देकर करवाई और बाद में नौकरी लगवाने के नाम पर 30 लाख रुपए हड़प लिए।
दिल्ली पुलिस में SI बताकर कराया रिश्ता
शिकायत के मुताबिक, फरवरी 2023 में रमेश कुमार के बेटे मोहित का रिश्ता रामचंद्र की बेटी अंजू के साथ तय किया गया था। रिश्ता तय कराने के लिए रामचंद्र, उसका बेटा बंटी और साढ़ू विनोद कुमार बिचौलिए राकेश के साथ आए थे। उस समय उन्होंने दावा किया था कि लड़की दिल्ली पुलिस में सब-इंस्पेक्टर (SI) के पद पर कार्यरत है।
इसके बाद 2 मई 2023 को दोनों की शादी करवा दी गई। शादी के बाद अंजू कुछ समय ही अपने ससुराल में रही और ड्यूटी का हवाला देकर अक्सर दिल्ली चली जाती थी।
नौकरी दिलाने के नाम पर मांगे पैसे
शिकायत में यह भी बताया गया कि शादी के बाद अंजू ने मोहित को दिल्ली पुलिस में नौकरी लगवाने का झांसा दिया और इसके लिए 30 लाख रुपए की मांग की। परिवार ने उसकी बातों पर भरोसा करते हुए पूरी रकम दे दी, लेकिन लंबे समय तक नौकरी नहीं लगी तो उन्हें शक हुआ।
जांच में सामने आया सच
बाद में जांच के दौरान पता चला कि अंजू का दिल्ली पुलिस में एसआई होने का दावा भी झूठा था। इसके बाद 29 अक्टूबर 2024 को चूरू जिले में अंजू के खिलाफ केस दर्ज करवाया गया था, जिसमें उसे गिरफ्तार भी किया गया।
परिवार का आरोप है कि जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने उन्हें झूठे केस में फंसाने की धमकियां दीं। अब फतेहाबाद पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए लड़की के पिता रामचंद्र और मौसा विनोद कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
