Dungarpur News: कानेरा पोल की बदलेगी तस्वीर, ऐतिहासिक धरोहर को संवारेंगी सभापति सुशीला गुप्ता
Friday, Oct 30, 2026-05:19 PM (IST)
डूंगरपुर। शहर की ऐतिहासिक धरोहरों को संरक्षित करने और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर परिषद ने पहल शुरू कर दी है। शुक्रवार को नगर परिषद सभापति सुशीला गुप्ता ने ऐतिहासिक कानेरा पोल और पुरानी सब्जी मंडी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कानेरा पोल की ऐतिहासिक इमारत के सभी कक्षों का जायजा लेकर सफाई, रखरखाव और रंग-रोगन कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
सभापति सुशीला गुप्ता ने कहा कि कानेरा पोल डूंगरपुर की ऐतिहासिक पहचान और गौरव का प्रतीक है। इसकी विरासत को सुरक्षित रखते हुए सौंदर्यीकरण के प्रयास किए जाएंगे, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी शहर की ऐतिहासिक पहचान से रूबरू हो सकें।
कानेरा पोल के सभी कक्षों का निरीक्षण, सफाई और रंग-रोगन के निर्देश
निरीक्षण के दौरान सभापति ने कानेरा पोल स्थित नगर परिषद की ऐतिहासिक इमारत के प्रत्येक कक्ष में जाकर वहां की स्थिति देखी। उन्होंने अधिकारियों से भवन के रखरखाव और संरक्षण से जुड़ी जानकारी ली। साथ ही तत्काल साफ-सफाई करवाने, रंग-रोगन कराने और भवन को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि डूंगरपुर अपनी ऐतिहासिक इमारतों, प्राचीन मंदिरों और स्थापत्य कला के लिए विशेष पहचान रखता है। ऐसे ऐतिहासिक स्थलों का संरक्षण प्रशासन के साथ-साथ समाज की भी सामूहिक जिम्मेदारी है।
केके गुप्ता के कार्यकाल में धरोहरों को मिली थी नई पहचान
डूंगरपुर में ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण की बात करें तो वर्ष 2015 से 2020 के दौरान तत्कालीन सभापति एवं स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर केके गुप्ता के नेतृत्व में ऐतिहासिक स्थलों और मंदिरों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए थे। अब उसी दिशा में आगे बढ़ते हुए सभापति सुशीला गुप्ता ने पुराने शहर की ऐतिहासिक इमारतों को व्यवस्थित और सुंदर बनाने की पहल शुरू की है।
पुरानी सब्जी मंडी में व्यापारियों ने उठाई नाली निर्माण की मांग
कानेरा पोल के निरीक्षण के बाद सभापति पुरानी सब्जी मंडी पहुंचीं। यहां उन्होंने व्यापारियों और वार्डवासियों से बातचीत कर सफाई व्यवस्था, सड़कों की स्थिति और विकास कार्यों को लेकर सुझाव मांगे।
इस दौरान स्थानीय लोगों ने शहर में हाल के दिनों में हुए बदलावों की सराहना की। वहीं व्यापारियों ने बाजार क्षेत्र में नालियों के निर्माण की मांग उठाई। उनका कहना था कि नाली निर्माण होने से पानी की निकासी बेहतर होगी और गंदगी की समस्या से राहत मिलेगी।
सभापति ने व्यापारियों की समस्याएं सुनते हुए आश्वासन दिया कि नगर परिषद प्रत्येक वार्ड में जरूरत के अनुसार विकास कार्य करवाएगी।
सड़क, स्वच्छता और सौंदर्यीकरण पर रहेगा फोकस
सभापति सुशीला गुप्ता ने कहा कि शहर की सड़कों को दुरुस्त करना नगर परिषद की प्राथमिकता है। इसके साथ ही स्वच्छता व्यवस्था और शहर की सुंदरता को बेहतर बनाने के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। आमजन की समस्याओं और सुझावों के आधार पर विकास कार्यों की प्राथमिकताएं तय की जाएंगी, ताकि प्रत्येक वार्ड के नागरिकों को इसका लाभ मिल सके।
सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की अपील
निरीक्षण के दौरान सभापति ने राज्य और केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी लोगों को दी। उन्होंने पात्र व्यक्तियों से योजनाओं का लाभ लेने और जरूरतमंद लोगों तक इसकी जानकारी पहुंचाने की अपील की।
इस दौरान नगर परिषद के सहायक अभियंता भक्तेश पाटीदार, एनयूएलएम से मलय पंड्या और उर्वशी श्रीमाल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
