डूंगरपुर में 16 मई से शुरू होगी डिजिटल जनगणना: 1-15 मई तक स्वगणना का मौका, 3409 कार्मिक प्रशिक्षित
Wednesday, Apr 29, 2026-04:10 PM (IST)
डूंगरपुर जिला प्रशासन ने आगामी जनगणना के पहले चरण की तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले में यह चरण 16 मई से शुरू होकर 14 जून तक चलेगा और इस बार पूरी प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से संचालित की जाएगी।
जिला कलेक्टर देशलदान ने बताया कि पहले चरण में मकानों का सूचिकरण, उनकी स्थिति, परिवारों को उपलब्ध सुविधाएं और परिसंपत्तियों से जुड़े आंकड़े एकत्र किए जाएंगे।
जनगणना कार्य को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए जिले को 2,671 ब्लॉकों में विभाजित किया गया है। इसके लिए 3,409 कार्मिकों को विशेष प्रशिक्षण दिया जा चुका है, ताकि डिजिटल प्रक्रिया को प्रभावी ढंग से लागू किया जा सके।
इस बार जनगणना में ‘स्वगणना’ (Self Enumeration) का विकल्प भी दिया गया है। 1 मई से 15 मई के बीच नागरिक ऑनलाइन पोर्टल पर जाकर अपनी जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद प्रगणक घर-घर जाकर इन जानकारियों का सत्यापन करेंगे।
प्रशासन का मानना है कि इस सुविधा से व्यस्त परिवारों को अपनी सुविधा के अनुसार डेटा भरने में आसानी होगी, साथ ही प्रगणकों का समय भी बचेगा। दर्ज की गई जानकारी का सुपरवाइजर स्तर पर सत्यापन किया जाएगा, जिससे प्रक्रिया अधिक सटीक और पारदर्शी बनेगी।
कलेक्टर ने आमजन से अपील की है कि वे जनगणना टीम का सहयोग करें और सही जानकारी उपलब्ध कराएं। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि जनगणना के दौरान किसी भी व्यक्ति को आधार, पैन या ओटीपी जैसी संवेदनशील जानकारी साझा करने की आवश्यकता नहीं है।
