चूरू में बारिश और ठंडी हवाओं से बढ़ी सर्दी, चना-सरसों की फसल को नुकसान की आशंका
Thursday, Mar 19, 2026-04:18 PM (IST)
चूरू में गुरुवार दोपहर करीब ढाई बजे अचानक मौसम ने करवट ली और बारिश के साथ चली ठंडी हवाओं ने एक बार फिर सर्दी का अहसास करा दिया। इससे पहले मंगलवार शाम को भी हल्की बूंदाबांदी हुई थी। बेमौसम बारिश से किसानों की चिंता बढ़ गई है।
पश्चिमी विक्षोभ का असर
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पश्चिमी राजस्थान के ऊपर एक परिसंचरण तंत्र सक्रिय है।
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है।
कई संभागों में बारिश और आंधी का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, उदयपुर और कोटा संभाग के कुछ क्षेत्रों में मेघगर्जन, तेज आंधी और बारिश की संभावना है। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है।
20 मार्च को अजमेर, जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग में बारिश के आसार हैं, जबकि जोधपुर, बीकानेर और उदयपुर संभाग में मौसम सामान्यतः शुष्क रह सकता है।
21 मार्च को मौसम शुष्क रहने की संभावना है, जबकि 22 मार्च को बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र में हल्की बारिश हो सकती है।
फसलों को नुकसान की आशंका
इस बेमौसम बारिश से किसानों को नुकसान उठाना पड़ सकता है। कई किसान खेतों में चना और सरसों की फसल काट रहे थे, ऐसे में बारिश के कारण फसल खराब होने की आशंका बढ़ गई है।
मौसम बदलने से बढ़े मरीज
मौसम में अचानक बदलाव का असर स्वास्थ्य पर भी देखने को मिल रहा है। अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ी है और तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे ठंडक का असर महसूस हो रहा है|
