चूरू के डीबी अस्पताल में सफाई व्यवस्था पर सवाल, युवा कांग्रेस ने झाड़ू लगाकर जताया विरोध

Friday, Jul 10, 2026-05:43 PM (IST)

चूरू के डीबी अस्पताल में सफाई व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। अस्पताल में हर महीने लाखों रुपये सफाई व्यवस्था पर खर्च किए जाने के बावजूद परिसर में गंदगी और अव्यवस्थाओं की शिकायतें सामने आ रही हैं। इसी मुद्दे को लेकर शुक्रवार को युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अस्पताल परिसर में झाड़ू लगाकर विरोध प्रदर्शन किया।

युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष आसिफ खान ने बताया कि संगठन की ओर से करीब एक सप्ताह पहले अस्पताल प्रशासन को ज्ञापन देकर सफाई, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं में सुधार की मांग की गई थी। उनका आरोप है कि मांगों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के कारण कार्यकर्ताओं ने विरोध स्वरूप अस्पताल परिसर और पुराने अस्पताल के सामने स्थित पार्क में सफाई अभियान चलाया।

कार्यकर्ताओं का कहना है कि अस्पताल में आधुनिक भवन और सुविधाओं के विकास पर काम हो रहा है, लेकिन सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं होने से मरीजों और उनके परिजनों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। परिसर में कई स्थानों पर कचरा और दुर्गंध की शिकायतें सामने आई हैं।

बताया गया कि ऑर्थोपेडिक विभाग के सामने स्थित एक चैंबर कई दिनों से ओवरफ्लो हो रहा है, जिससे आसपास गंदा पानी जमा है और दुर्गंध फैल रही है। इसी रास्ते से मरीज, उनके परिजन और अस्पताल कर्मचारी गुजरते हैं। बरसात के मौसम में ऐसी स्थिति संक्रमण का खतरा भी बढ़ा सकती है। वहीं, अस्पताल के कुछ शौचालयों की नियमित सफाई नहीं होने की शिकायत भी लोगों ने की है।

इस मामले में अस्पताल अधीक्षक डॉ. दीपक चौधरी ने कहा कि सफाई व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है। अस्पताल प्रशासन की समिति प्रतिदिन वार्डों का निरीक्षण करती है और जहां भी सफाई में कमी मिलती है, संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी किया जाता है।

उन्होंने बताया कि मई और जून माह के दौरान सफाई व्यवस्था में लापरवाही पाए जाने पर ठेकेदार के भुगतान से करीब 50 हजार रुपये की कटौती भी की गई है। अस्पताल में कुल 80 सफाईकर्मी तैनात हैं, जिनमें 64 कर्मचारी नियमित ड्यूटी पर रहते हैं, जबकि 16 कर्मचारियों को रिलीवर के रूप में रखा गया है, ताकि सफाई व्यवस्था प्रभावित न हो। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि व्यवस्था में लगातार सुधार के प्रयास जारी हैं।


Content Editor

Ishika Jain

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News