रतनगढ़ के वार्ड 28 में जर्जर बिजली केबल से बढ़ी परेशानी, लोगों ने विभाग से जल्द बदलने की उठाई मांग

Friday, Jul 03, 2026-04:20 PM (IST)

रतनगढ़। चूरू जिले के रतनगढ़ शहर के वार्ड संख्या 28 में लंबे समय से जर्जर बिजली केबल के कारण स्थानीय लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। समस्या के समाधान की मांग को लेकर निवर्तमान पार्षद नंदकिशोर भार्गव के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों ने बिजली विभाग के अधिशाषी अभियंता को ज्ञापन सौंपकर जल्द कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन में बताया गया कि वार्ड में करीब 750 मीटर लंबी बिजली केबल काफी पुरानी और क्षतिग्रस्त हो चुकी है। इसके चलते आए दिन बिजली ट्रिपिंग की समस्या बनी रहती है। बार-बार बिजली बाधित होने से घरों में लगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और अन्य घरेलू सामान के खराब होने का खतरा भी बढ़ गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस संबंध में पहले भी विभाग को जानकारी दी जा चुकी है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए बिजली विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि केबल बदलने के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है और ठेकेदार की व्यवस्था भी की जा रही है। विभाग के अनुसार अगले दो से तीन दिनों के भीतर जर्जर केबल बदलने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने क्षेत्र में ट्रांसफार्मर से जुड़ी समस्याओं का भी जायजा लिया। उन्होंने जरूरत पड़ने पर नया ट्रांसफार्मर लगाने अथवा मौजूदा व्यवस्था में सुधार करने का आश्वासन दिया, ताकि भविष्य में बिजली आपूर्ति सुचारु बनी रहे।

इस दौरान मुकुल, अमित, भागीरथ, सीताराम, सम्पत, महेंद्र, संजय, महेश, मांगीलाल, राजकुमार, छोटूराम, धर्मेंद्र सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे।


Content Editor

Ishika Jain

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News