भाजपा का प्रदेशव्यापी पौधारोपण अभियान शुरू, हर बूथ पर लगेंगे 50 पौधे: मदन राठौड़
Sunday, Jul 13, 2025-08:08 PM (IST)

जयपुर | भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने शनिवार को घोषणा की कि भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश भर में वन एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए एक सघन पौधारोपण अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान के अंतर्गत राजस्थान के प्रत्येक बूथ पर 50 पौधे लगाए जाएंगे।
राठौड़ ने बताया कि इस अभियान की रूपरेखा एक प्रदेश स्तरीय टोली की बैठक में तय की गई है। उन्होंने कहा कि पौधारोपण के साथ-साथ पौधों की देखरेख और संरक्षण की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी। इसके लिए प्रत्येक पौधे के साथ एक “पौध पालक” की नियुक्ति की जाएगी, जो उसकी नियमित देखभाल सुनिश्चित करेगा।
राठौड़ ने प्रदेशवासियों से “हरित राजस्थान” के लक्ष्य को साकार करने के लिए इस अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील की। उन्होंने कहा, "यह कोई राजनीतिक मुद्दा नहीं है, बल्कि सामाजिक दायित्व है। सभी राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं और आम जनता को इसमें सहभागी बनना चाहिए।"
इस बैठक में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी, प्रदेश उपाध्यक्ष नाहर सिंह जोधा, पूर्व विधायक निर्मल कुमावत, प्रदेश प्रवक्ता अशोक सैनी, नारायण मीना, प्रेम सिंह बनवासा, श्याम शर्मा, नीलम गुर्जर और श्याम सिंह राजावत सहित अन्य वरिष्ठ कार्यकर्ता शामिल हुए।
भाजपा ने इस अभियान के सुचारू संचालन के लिए हर जिले में जिला संयोजकों की नियुक्ति कर दी है। जल्द ही मंडल संयोजकों की भी घोषणा की जाएगी। स्थानीय नेतृत्व के माध्यम से हर बूथ पर पौधों की निगरानी और सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी, ताकि ये पौधे केवल लगाए न जाएं बल्कि पनपें भी।