अजमेर में ACB की बड़ी कार्रवाई: 60 हजार रुपये रिश्वत लेते ई-मित्र संचालक गिरफ्तार
Thursday, Mar 12, 2026-07:40 PM (IST)
जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने अजमेर में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ई-मित्र संचालक को 60 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी ई-मित्र संचालक हेमराज खटीक ने तहसीलदार गणेश कच्छावा और अन्य के नाम पर रिश्वत की रकम ली थी।
ACB मुख्यालय के निर्देश पर ACB इंटेलिजेंस अजमेर इकाई ने यह कार्रवाई की। परिवादी की फर्म ने भीलवाड़ा जिले की ग्राम जवानपुरा, तहसील अंटाली में जमीन लीज पर ली हुई थी और उसकी लीज डीड का पंजीयन करवाना था। इसी प्रक्रिया के लिए आरोपी ई-मित्र संचालक ने रिश्वत की मांग की थी।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि परिवादी की शिकायत पर 9 और 10 मार्च 2026 को रिश्वत मांग की सत्यापन कार्रवाई की गई। जांच में सामने आया कि तहसीलदार गणेश कच्छावा के माध्यम से ई-मित्र संचालक हेमराज खटीक के जरिए रिश्वत की राशि तय की गई थी।
सत्यापन के बाद आज ट्रैप कार्रवाई के दौरान आरोपी हेमराज खटीक ने परिवादी से 60 हजार रुपये रिश्वत के रूप में लेकर अपनी टेबल की दराज में रखे, जहां से ACB टीम ने राशि बरामद कर ली और उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक महावीर सिंह राणावत के सुपरवीजन में निरीक्षक कंचन भाटी द्वारा की गई। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले की जांच भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत की जा रही है।
ACB की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव के सुपरवीजन में आगे की कार्रवाई जारी है और मामले में अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
