प्रतापगढ़ में CMHO सहित कर्मचारियों को संभाग से बाहर भेजने की अनुशंसा, जांच की सिफारिश
Saturday, Feb 21, 2026-03:03 PM (IST)
प्रतापगढ़: प्रतापगढ़ में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) कार्यालय में निरीक्षण के बाद जारी पत्र में गंभीर अनियमितताएं मिलने के बाद विस्तृत जांच और कर्मचारियों के स्थानांतरण की अनुशंसा की गई है। यह कार्रवाई वायरल ऑडियो और विधानसभा में उठे सवालों के लगभग दस दिन बाद हुई। 7 फरवरी को प्रकाशित मामले में अस्पताल संचालक से पैसे मांगने से जुड़े ऑडियो सामने आने के बाद एसीबी में शिकायत दर्ज हुई थी।
निरीक्षण में कार्यालय की भौतिक पत्रावलियों और फाइल मूवमेंट की स्थिति का अवलोकन किया गया। नोटशीट पर दिनांक, पदनाम और पूर्ण हस्ताक्षर के अभाव को गंभीर पाया गया। ई-फाइल प्रक्रिया प्रारंभ करने के निर्देश मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को दिए गए। विभिन्न शाखाओं की फाइलों और लंबित कार्यों की समीक्षा भी की गई।
सूत्रों के अनुसार निरीक्षण के दौरान कई अधूरे दस्तावेज और लंबित कार्यों से संबंधित फाइलों की जांच की गई। रिकॉर्ड संधारण की स्थिति पर विशेष ध्यान देते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश जारी किए गए। इसके अलावा, बकाया भुगतान की जानकारी लेकर समयबद्ध निस्तारण करने और कार्यालय में रखी अनुपयोगी सामग्री के निस्तारण की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के समय डॉ. जीवराज मीणा, विनोद खांट, राजकुमार जोशी और हनुमान प्रसाद गुप्ता उपस्थित रहे। अधिकारियों और कर्मचारियों की प्रशासनिक व्यवस्थाओं और रिकॉर्ड सुधार पर ही फोकस किया गया।
राजस्थान सरकार के नाम से जारी पत्र में राजकाज क्रमांक 202552177 दिनांक 16 फरवरी के तहत जांच समिति का गठन बताया गया। निरीक्षण प्रतिवेदन में कार्यालय में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं, जिसके चलते विस्तृत जांच आवश्यक बताई गई।
जांच में विलंब न हो, इसके लिए डॉ. जीवराज मीणा, प्रखर शाह, महेश पाटीदार और डॉ. नितेश मीणा का उदयपुर संभाग से बाहर स्थानांतरण/पदस्थापन करने की अनुशंसा की गई है। इसके साथ ही मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी प्रतापगढ़ का कार्य वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी को सौंपने का आदेश जारी करने का भी निर्देश दिया गया है।
फिलहाल निरीक्षण के बाद विभागीय स्तर पर सुधारात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अति. मुख्य सचिव, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग को भी पत्र की प्रतिलिपि सूचनार्थ प्रेषित की गई है।
