जोधपुर में श्वानों का आतंक, 9 साल के बच्चे पर हमला, सिर में गंभीर चोट; CCTV में कैद हुआ हादसा

Sunday, Jan 04, 2026-07:17 PM (IST)

जोधपुर। जोधपुर शहर में श्वानों का आतंक एक बार फिर सामने आया है। रातानाडा क्षेत्र की नेहरू कॉलोनी में शनिवार रात श्वानों ने नौ साल के बच्चे पर हमला कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया। हमले में बच्चे के सिर में गंभीर चोट आई, जिसके बाद निजी अस्पताल में उसकी सर्जरी करनी पड़ी। फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

 

घटना शनिवार रात करीब 9 बजे की है। नेहरू कॉलोनी निवासी आशीष, पुत्र भारत सिंह राजावत, अपने ननिहाल से घर लौट रहा था। इसी दौरान गली में मौजूद दो श्वानों ने अचानक उस पर हमला कर दिया। श्वानों ने बच्चे को गिरा दिया और उसे सिर, हाथ और पैर में नोच डाला।

 

परिवार के लोग और आसपास के लोग शोर सुनकर मौके पर पहुंचे और किसी तरह बच्चे को श्वानों से छुड़ाया। घायल अवस्था में उसे पहले महात्मा गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां एंटी-रेबीज और अन्य इंजेक्शन लगाए गए। बाद में हालत गंभीर होने पर उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसके सिर की सर्जरी की।

 

रविवार सुबह डॉक्टरों ने बच्चे की हालत स्थिर बताई है। इस पूरी घटना का वीडियो पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि कैसे श्वान बच्चे पर हमला कर उसे कई सेकंड तक नोचते रहे।

 

घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों ने नगर निगम पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए क्षेत्र में श्वानों की बढ़ती संख्या पर नियंत्रण की मांग की है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि पहले भी इस क्षेत्र में श्वानों के हमले की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया।


Content Editor

Anil Jangid

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News