दिल्ली के छात्रों को मिले जोधपुर और बरेली जैसे परीक्षा केंद्र, CUET को लेकर हजारों छात्र परेशान

Tuesday, May 05, 2026-02:39 PM (IST)

जोधपुर: CUET 2026 की परीक्षा 11 मई से 31 मई के बीच देशभर में आयोजित होगी, लेकिन दिल्ली और NCR के हजारों छात्रों को इस बार परीक्षा केंद्र दिल्ली-एनसीआर में नहीं मिले हैं। छात्रों का कहना है कि उन्हें जोधपुर, बरेली, जयपुर, मोहाली जैसे शहरों में परीक्षा केंद्र अलॉट किए गए हैं, जिससे छात्र और उनके अभिभावक दोनों परेशान हैं।

 

CUET में आवेदन करने वाले छात्रों को चार परीक्षा केंद्र चुनने का विकल्प दिया जाता है। आमतौर पर दिल्ली NCR के छात्रों के लिए यह विकल्प दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम और फरीदाबाद होता है। लेकिन इस बार पहली बार ऐसा देखा गया है कि छात्रों को उनके विकल्पों में से कोई केंद्र नहीं मिला।

 

एक छात्र के पिता सुनील ने बताया कि उनके बेटे ने दिल्ली, नोएडा और फरीदाबाद का विकल्प दिया था, लेकिन उसका सेंटर जयपुर में अलॉट कर दिया गया। उनका सवाल है कि 11 मई को दिल्ली से जयपुर ले जाएं, फिर 19 और 28 मई को भी बच्चों को दूसरी जगह ले जाना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि इससे खर्च बढ़ेगा और गर्मी में बच्चों की परेशानी बढ़ेगी।

 

इसी तरह एक और अभिभावक राहुल अरोड़ा ने कहा कि उनके बच्चे का सेंटर भी जयपुर अलॉट हुआ है। NDTV को ऐसे कई मामले मिले हैं जिसमें बच्चों के सेंटर बरेली, जयपुर, रुड़की और जोधपुर जैसे शहरों में दिए गए हैं।

 

शिक्षाविद केशव अग्रवाल ने भी माना कि कुछ छात्रों के सेंटर बदल दिए गए हैं, जिससे बच्चों और अभिभावकों की मुश्किलें बढ़ी हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि ऐसा लगता है कि सेंटर अलॉट करने में AI का इस्तेमाल किया गया।

 

एनटीए ने भी माना कि दिल्ली NCR के छात्रों की शिकायतें उन्हें मिली हैं। एनटीए ने कहा कि छात्रों को धैर्य रखना चाहिए, वे समस्या का समाधान खोज रही हैं। इस बार दिल्ली NCR में छात्रों की संख्या बढ़ने के कारण सेंटर की कमी आई है।

 

इस साल CUET में करीब 15 लाख छात्रों ने आवेदन किया है, जिसमें अकेले दिल्ली से लगभग 1.39 लाख छात्र शामिल हैं। पिछले साल CUET में 13.54 लाख छात्रों ने आवेदन किया था। छात्रों की बढ़ती संख्या और परीक्षा केंद्रों की कमी के कारण हजारों छात्रों को मनमाफिक सेंटर नहीं मिल पाए।


Content Editor

Anil Jangid

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News