जोधपुर में लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर रंगदारी मांगने वाला आरोपी गिरफ्तार

Saturday, Feb 21, 2026-02:32 PM (IST)

जोधपुर: जोधपुर में कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर धमकी देकर रंगदारी मांगने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामला सरदारपुरा थाना क्षेत्र से जुड़ा हुआ है, जहां एक आर्टिफिशियल ज्वेलरी व्यवसायी को फोन कर मोटी रकम की मांग की गई थी। आरोपी ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताते हुए गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी।

 

घटना के बाद घबराए व्यवसायी राजकुमार सिंधी ने तुरंत पुलिस से संपर्क कर पूरी जानकारी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश के निर्देशन में जांच शुरू की गई। जांच की जिम्मेदारी झंवर थाना पुलिस को सौंपी गई। थाना प्रभारी प्रहलाद सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसने तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर आरोपी को ट्रेस किया।

 

पुलिस ने लादू राम उर्फ लादेन नामक आरोपी को गिरफ्तार किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि उसका किसी भी गैंग से कोई प्रत्यक्ष या परोक्ष संबंध नहीं है। वह केवल गैंगस्टर के नाम का भय दिखाकर लोगों से उगाही करने की कोशिश करता था। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वह नशे का आदी है और अपनी लत पूरी करने के लिए इस प्रकार की वारदातों को अंजाम देता था।

 

पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि आरोपी ने पहले भी कई लोगों को फोन कर रंगदारी मांगने की कोशिश की थी। हालांकि, अधिकांश मामलों में लोगों ने डर के कारण शिकायत दर्ज नहीं कराई। पुलिस अब ऐसे संभावित पीड़ितों की भी पहचान कर रही है।

 

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए डीसीपी पश्चिम विनीत बंसल स्वयं सरदारपुरा थाने पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की समीक्षा की। इस दौरान एडीसीपी रोशन मीणा और एसीपी छवि शर्मा भी मौजूद रहे। गिरफ्तारी की कार्रवाई में सिपाही नभ सिंह और गोपाल सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

 

फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं उसका लॉरेंस बिश्नोई या उसके नेटवर्क से कोई अप्रत्यक्ष संपर्क तो नहीं रहा। आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और आगे की जांच जारी है।


Content Editor

Anil Jangid

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News