जोधपुर में कांग्रेस नेता को रोहित गोदारा की धमकी, अशोक गहलोत के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा
Thursday, Feb 19, 2026-01:38 PM (IST)
जोधपुर। राजस्थान के जोधपुर में पूर्व कांग्रेस पार्षद और उद्योगपति मनीष लोढ़ा को कथित तौर पर गैंगस्टर रोहित गोदारा के नाम से जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। यह धमकी जैसलमेर जिले के पोकरण में चल रहे जमीन विवाद से जुड़ी बताई जा रही है।
पीड़ित ने इस संबंध में जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट के सदर बाजार थाने में लिखित शिकायत दर्ज करवाई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी है। जोधपुर पुलिस कमिश्नर ओम प्रकाश ने सुरक्षा के मद्देनज़र मनीष लोढ़ा के घर के बाहर 24 घंटे के लिए हथियारबंद सुरक्षाकर्मी तैनात कर दिए हैं।
मनीष लोढ़ा के अनुसार, 16 फरवरी की दोपहर करीब 3:30 बजे उनके मोबाइल पर एक इंटरनेशनल नंबर से कॉल आया। शुरुआत में उन्होंने अनजान विदेशी नंबर देखकर कॉल रिसीव नहीं किया, लेकिन बार-बार कॉल आने पर उन्होंने फोन उठा लिया। आरोप है कि कॉल उठाते ही सामने वाले व्यक्ति ने उन्हें सीधे धमकाना शुरू कर दिया और खुद को रोहित गोदारा बताया। घबराकर लोढ़ा ने कॉल काट दी, लेकिन कुछ ही देर बाद उसी नंबर से एक वॉइस मैसेज आया, जिसमें पोकरण की जमीन का जिक्र करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई थी।
घटना के बाद लोढ़ा ने तुरंत पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और स्थानीय पूर्व विधायक को पूरे मामले की जानकारी दी। बताया जा रहा है कि अशोक गहलोत ने तुरंत पुलिस कमिश्नर से फोन पर बात कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि पोकरण में जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा है, जो फिलहाल अदालत में विचाराधीन है। सेशन कोर्ट और हाई कोर्ट से लोढ़ा के पक्ष में आदेश होने की बात भी सामने आई है। सदर बाजार थानाधिकारी ने बताया कि व्हाट्सएप कॉल और वॉइस मैसेज के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है।
साइबर सेल की टीम इंटरनेशनल नंबर को ट्रेस करने में जुटी है, जबकि थाने के सब-इंस्पेक्टर को विस्तृत जांच सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
