ओम बिरला को JSA सिल्वर शो का न्योता, जयपुर में सिल्वर इंडस्ट्री के लिए अलग जोन पर जोर

Sunday, Sep 06, 2026-02:10 PM (IST)

जयपुर। जयपुर सिल्वर एसोसिएशन की ओर से आयोजित होने वाले JSA सिल्वर शो के उद्घाटन समारोह में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। एसोसिएशन के चेयरमैन उज्जवल डेरेवाला और सचिव राहुल गंगवाल ने गुरुवार को कोटा में ओम बिरला से मुलाकात कर उन्हें शो के उद्घाटन समारोह का निमंत्रण दिया।

22 से 24 नवंबर तक जयपुर के बिरला ऑडिटोरियम में JSA सिल्वर शो का आयोजन किया जाएगा। तीन दिवसीय इस शो में देश-विदेश के प्रमुख ज्वेलरी मैन्युफैक्चरर्स और होलसेलर्स हिस्सा लेंगे।

ओम बिरला ने जयपुर की सिल्वर इंडस्ट्री की पहल को सराहा

मुलाकात के दौरान ओम बिरला ने जयपुर सिल्वर एसोसिएशन की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि राजस्थान और खास तौर पर जयपुर की चांदी की इंडस्ट्री की वैश्विक पहचान है। देशभर से लोग जयपुर में सिल्वर ज्वेलरी खरीदने आते हैं। ऐसे में जयपुर के सिल्वर उद्योग को और बढ़ावा देने की जरूरत है।

जयपुर में सिल्वर इंडस्ट्री के लिए अलग जोन बनाने की जरूरत

ओम बिरला ने जयपुर में सिल्वर इंडस्ट्री के लिए अलग सिल्वर जोन बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अलग जोन बनने से सिल्वर कारोबार से जुड़े मैन्युफैक्चरर्स, होलसेलर्स और कारीगरों को एक ही जगह बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। इससे जयपुर की सिल्वर इंडस्ट्री को देश और दुनिया में अपनी पहचान और मजबूत करने का अवसर मिलेगा।

200 से ज्यादा प्रदर्शक होंगे शामिल

जयपुर सिल्वर एसोसिएशन के चेयरमैन उज्जवल डेरेवाला ने बताया कि JSA सिल्वर शो में देश-विदेश के प्रमुख ज्वेलरी मैन्युफैक्चरर्स और होलसेलर्स हिस्सा लेंगे। शो में सिल्वर ज्वेलरी के नए कलेक्शन, लेटेस्ट डिजाइन और पारंपरिक कारीगरी को प्रदर्शित किया जाएगा।

एसोसिएशन के सचिव राहुल गंगवाल ने बताया कि शो में 200 से ज्यादा प्रदर्शकों के शामिल होने की उम्मीद है। वहीं, 10 हजार से ज्यादा दर्शकों और कारोबारियों के पहुंचने का अनुमान है। तीन दिन तक चलने वाले इस एक्सपो में सिल्वर ज्वेलरी के नए कलेक्शन, डिजाइन और इंडस्ट्री से जुड़े उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे।

सिल्वर ज्वेलरी कारोबार को वैश्विक मंच देने की तैयारी

उज्जवल डेरेवाला ने कहा कि JSA सिल्वर शो के जरिए सिल्वर ज्वेलरी कारोबार को वैश्विक मंच देने का प्रयास किया जा रहा है। देशभर के मैन्युफैक्चरर्स और होलसेलर्स के एक मंच पर आने से बिजनेस नेटवर्किंग बढ़ेगी और नए कारोबारी अवसर पैदा होंगे।

कोटा के ज्वेलरी संगठनों के पदाधिकारी भी रहे मौजूद

ओम बिरला से मुलाकात के दौरान कोटा सर्राफा एसोसिएशन के आनंद राठी समेत अलग-अलग ज्वेलर्स एसोसिएशन के पदाधिकारी भी मौजूद रहे। इस दौरान राजस्थान की सिल्वर इंडस्ट्री को बढ़ावा देने और जयपुर को सिल्वर कारोबार के प्रमुख केंद्र के तौर पर विकसित करने से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।


Content Editor

LUCKY SHARMA

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News