Heatwave Alert: राजस्थान में बढ़ रही दिल की बीमारियां, SMS अस्पताल में 30% तक बढ़े हार्ट मरीज, डॉक्टरों ने जारी की चेतावनी

Thursday, Jun 04, 2026-10:42 AM (IST)

जयपुर। राजस्थान में लगातार बढ़ रही गर्मी अब लोगों के दिल की सेहत पर भी भारी पड़ने लगी है। राजधानी जयपुर स्थित सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल की कार्डियोलॉजी ओपीडी में इन दिनों हृदय रोगियों की संख्या में 25 से 30 प्रतिशत तक वृद्धि दर्ज की गई है। डॉक्टरों के अनुसार भीषण गर्मी और शरीर में पानी की कमी के कारण हार्ट अटैक, ब्लड प्रेशर असंतुलन और अन्य हृदय संबंधी समस्याओं के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं।

अस्पताल के कार्डियोलॉजी विभाग में रोजाना बड़ी संख्या में मरीज सीने में दर्द, घबराहट, सांस फूलना, अत्यधिक थकान, बेचैनी और अनियंत्रित ब्लड प्रेशर जैसी शिकायतों के साथ पहुंच रहे हैं। वहीं इमरजेंसी विभाग में प्रतिदिन 25 से 30 गंभीर हृदय रोगियों को भर्ती करना पड़ रहा है।

सबसे ज्यादा कौन हो रहा प्रभावित?

विशेषज्ञों के अनुसार सबसे ज्यादा खतरा बुजुर्गों और पहले से हृदय रोग से पीड़ित लोगों को है। अस्पताल में आने वाले मरीजों में लगभग 60 प्रतिशत की उम्र 60 वर्ष से अधिक है। वहीं मरीजों में लगभग 65 प्रतिशत पुरुष और 35 प्रतिशत महिलाएं शामिल हैं।

गर्मी दिल पर कैसे डाल रही असर?

SMS मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. वीपक माहेश्वरी के अनुसार अत्यधिक गर्मी के कारण शरीर से अधिक पसीना निकलता है, जिससे पानी की कमी हो जाती है। इससे खून गाढ़ा होने लगता है और धमनियों में थक्का बनने का खतरा बढ़ जाता है, जो हार्ट अटैक का कारण बन सकता है।

इसके अलावा शरीर को ठंडा रखने के लिए दिल को सामान्य से अधिक मेहनत करनी पड़ती है, जिससे हार्ट रेट बढ़ जाता है और ब्लड प्रेशर प्रभावित हो सकता है। गर्मी के कारण शरीर में सोडियम और पोटेशियम जैसे इलेक्ट्रोलाइट्स का संतुलन भी बिगड़ सकता है, जिससे कमजोरी, चक्कर और गंभीर मामलों में कार्डियक इमरजेंसी की स्थिति पैदा हो सकती है।

इन लक्षणों को बिल्कुल नजरअंदाज न करें

विशेषज्ञों का कहना है कि कई बार लोग हार्ट अटैक के शुरुआती संकेतों को गैस, थकान या सामान्य गर्मी समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। यदि किसी व्यक्ति को सीने में दबाव या जकड़न महसूस हो, अत्यधिक पसीना आए, घबराहट हो, दर्द बाएं हाथ, कंधे, गर्दन, जबड़े या पीठ तक फैल रहा हो, अचानक चक्कर आ रहे हों या सांस लेने में गंभीर परेशानी हो रही हो तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।

गर्मी में दिल को सुरक्षित रखने के आसान उपाय

डॉक्टरों ने लोगों को दिनभर में 3 से 4 लीटर पानी पीने की सलाह दी है। साथ ही ओआरएस, नींबू पानी, नारियल पानी और छाछ जैसे पेय पदार्थों का सेवन करने की भी सलाह दी गई है।

हल्के रंग के सूती कपड़े पहनना, दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक सीधी धूप से बचना, तली-भुनी और अत्यधिक मसालेदार चीजों से दूरी बनाना तथा तरबूज, खीरा, ककड़ी और लौकी जैसी पानी से भरपूर चीजों का सेवन करना लाभदायक माना गया है।

विशेषज्ञों ने यह भी कहा है कि ब्लड प्रेशर, डायबिटीज या हृदय रोग से पीड़ित मरीज अपनी दवाएं नियमित रूप से लेते रहें और बिना डॉक्टर की सलाह के दवा बंद न करें।

समय रहते सावधानी जरूरी

चिकित्सकों का मानना है कि भीषण गर्मी के इस दौर में थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर स्वास्थ्य समस्या का कारण बन सकती है। यदि किसी व्यक्ति में हृदय संबंधी लक्षण दिखाई दें तो तुरंत चिकित्सकीय सहायता लेना बेहद जरूरी है। समय पर उपचार से गंभीर जोखिमों को काफी हद तक टाला जा सकता है।


Content Editor

LUCKY SHARMA

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News