5 साल के बाल ब्रह्मचारी ने उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी को सुनाई गीता, किया सनातन संस्कृति का सुसंवाद
Tuesday, Aug 05, 2025-02:47 PM (IST)

जयपुर | उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी से गीता ज्ञान के बाल प्रणेता भागवत ब्रह्मचारी ने सुसंवाद किया। मात्र 5 वर्ष की आयु में आध्यात्मिक चेतना के वाहक बने भागवत ब्रह्मचारी ने इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री को श्रीमद्भगवद्गीता के कई श्लोक मधुर स्वर में सुनाए। ब्रह्मचारी ने अर्जुन और भगवान श्रीकृष्ण के मध्य हुए महाभारतकालीन संवादों के माध्यम से गीता के गूढ़ तत्वों की व्याख्या की और सनातन संस्कृति के महत्व पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने श्रीमद्भगवद्गीता के शाश्वत संदेश, जैसे कर्तव्य, भक्ति, ज्ञान और आत्मा की अमरता जैसे विषयों पर अपने विचार साझा किए।
उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने बाल संत की आध्यात्मिक गहराई, संस्कृत शुद्धता और वेदांत बोध से प्रभावित होकर उनकी सराहना की और कहा कि ऐसे बच्चे भारत की आध्यात्मिक परंपरा के सच्चे संवाहक हैं। उन्होंने यह भी कहा कि श्रीमद्भगवद्गीता का ज्ञान आज की पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक सिद्ध हो सकता है। भागवत ब्रह्मचारी वर्तमान में मथुरा के GIVE Gita Gurukul में अध्ययनरत हैं और अब तक देश-विदेश में लाखों लोगों को गीता का संदेश दे चुके हैं। वे भारत के सबसे कम उम्र के TEDx वक्ता भी हैं और कई विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं। यह भेंट न केवल ज्ञान और भक्ति का संगम थी, बल्कि आने वाले समय में आध्यात्मिक जागरूकता को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक प्रेरक पहल भी है।