यूडी टैक्स वसूली में सरकार और प्राइवेट कंपनी की ग़ैर क़ानूनी वसूली का विरोध करेंगे : खाचरियावास
Tuesday, Mar 17, 2026-04:55 PM (IST)
जयपुर। पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने जयपुर में नगर निगम और भाजपा सरकार के इशारे पर प्राइवेट कंपनी द्वारा बिना नाप किए और गलत तरीके से यूडी टैक्स की वसूली करने की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि इस प्राइवेट कंपनी द्वारा गलत नोटिस भेजे जा रहे हैं, जिनमें न केवल गलत नाम लिखे जा रहे हैं, बल्कि गलत नाप और गलत राशि भी मांगी जा रही है। इस प्रक्रिया के कारण उन लोगों को भी नोटिस मिल रहे हैं, जिन्होंने पहले ही यूडी टैक्स जमा कर दिया था।
खाचरियावास ने आरोप लगाया कि ये नोटिस पूरी तरह से गैरकानूनी हैं और जनता को अपनी बात रखने का मौका तक नहीं दिया जा रहा। उन्होंने कहा कि यदि किसी मकान या प्रतिष्ठान का सील किया जा रहा है, तो वह पूरी तरह से गलत है और इसके खिलाफ कांग्रेस पार्टी जल्द ही बड़ा आंदोलन करेगी। उन्होंने भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के समय हाउस टैक्स को खत्म कर दिया गया था, लेकिन भाजपा ने फिर से यूडी टैक्स को लागू किया और अब वह लोगों को तंग कर रही है।
उन्होंने कहा कि यदि लोगों को बिना वजह परेशान किया जाएगा और उनके प्रतिष्ठान सीज किए जाएंगे, तो कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को लेकर सड़क पर उतरेगी और इस हर गलत कार्रवाई का विरोध करेगी। खाचरियावास ने यह भी कहा कि उन्होंने व्यापार मंडल और नागरिक संगठनों से मुलाकात की है, जिन्होंने इस प्राइवेट कंपनी की तानाशाही के बारे में जानकारी दी है।
