अजमेर जेल में बने दोस्त से राजस्थान के ठेकेदार की रैकी करवा रहा था रोहित गोदारा, पुलिस ने फेल कर दिया प्लान
Tuesday, Mar 17, 2026-03:48 PM (IST)
अजमेर: हाड़ौती क्षेत्र में अपनी दहशत फैलाने की कोशिश कर रहे गैंगस्टरों के नेटवर्क को कोटा पुलिस ने करारा झटका दिया है। पुलिस ने पुर्तगाल से बैठकर राजस्थान में अपनी जड़ें जमाने की कोशिश कर रहे कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा की एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया। इस मामले में पुलिस ने कोटा के कुख्यात हिस्ट्रीशीटर अमन बच्चा समेत चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है।
खुलासा हुआ है कि रोहित गोदारा पुर्तगाल से बैठकर रावतभाटा के एक बड़े ठेकेदार से लाखों रुपये की रंगदारी मांग रहा था। इस काम को अंजाम देने के लिए उसने कोटा के हिस्ट्रीशीटर अमन बच्चा को ठेकेदार की रैकी करने का जिम्मा सौंपा था। पुलिस को समय रहते इस खतरनाक साजिश का पता चल गया और उन्होंने ठेकेदार को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इसके बाद पुलिस ने बड़े कदम उठाते हुए बदमाशों को दबोच लिया और बड़ी वारदात होने से पहले ही साजिश को विफल कर दिया।
जांच में यह भी सामने आया कि अमन बच्चा और रोहित गोदारा की पहचान अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल में हुई थी, जहां से इनका नेटवर्क शुरू हुआ था। पुलिस ने अमन बच्चा, मोहम्मद आदिल खान, इरशाद उर्फ इशू और सोहेब उर्फ चिंटू को गिरफ्तार किया है। साथ ही रोहित गोदारा और उसके साथी महेंद्र डेडाना के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, रोहित गोदारा अब लॉरेंस बिश्नोई गैंग से अलग होकर अपना खुद का गैंग खड़ा करने की कोशिश कर रहा है और विदेशों से राजस्थान के व्यापारियों और ठेकेदारों को निशाना बना रहा है। पुलिस ने 3 महीने पुराने इस मामले को जोड़कर पूरी साजिश का भंडाफोड़ कर दिया है।
