राजस्थान में मानसून फिर सक्रिय, 2 दिन भारी बारिश का अलर्ट; मानसरोवर बांध ओवरफ्लो
Saturday, Sep 05, 2026-02:08 PM (IST)
जयपुर। राजस्थान में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। सवाई माधोपुर समेत पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में लगातार दूसरे दिन बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने 5 और 6 सितंबर को कई जिलों में भारी से अतिभारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मानसून ट्रफ लाइन के साथ उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और दक्षिण-पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ऊपर बना वेल मार्क लो प्रेशर एरिया बारिश की गतिविधियों को बढ़ा रहा है।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार मानसून ट्रफ लाइन श्रीगंगानगर से होते हुए लो प्रेशर एरिया तक बनी हुई है। इसके प्रभाव से 5 सितंबर को भरतपुर, जयपुर और कोटा संभाग के कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर अतिभारी बारिश की भी संभावना है। वहीं अजमेर, उदयपुर और बीकानेर संभाग में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।
पिछले 24 घंटों में बारां, दौसा, धौलपुर, झालावाड़, करौली और सवाई माधोपुर में कई जगह मध्यम से भारी और अतिभारी बारिश दर्ज की गई। सवाई माधोपुर के तलवाड़ा में 131 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। जिले में बारिश का असर जनजीवन पर भी देखने को मिला है।
मानसरोवर बांध ओवरफ्लो
सवाई माधोपुर जिले के खंडार क्षेत्र में स्थित मानसरोवर बांध भारी बारिश के कारण ओवरफ्लो हो गया है। इस सीजन में पहली बार बांध पर चादर चली है। खास बात यह है कि मानसरोवर बांध लगातार दूसरे साल ओवरफ्लो हुआ है। इससे पहले पिछले साल 30 जुलाई और 23 अगस्त को भी भारी बारिश के बाद बांध ओवरफ्लो हुआ था।
पिछले साल बांध के दो बार ओवरफ्लो होने के कारण सवाई माधोपुर को मध्य प्रदेश से जोड़ने वाली बोधल पुलिया भी दो बार क्षतिग्रस्त हुई थी। इस बार बांध में पानी आने से किसानों के चेहरे पर खुशी है, क्योंकि इससे करीब 16 गांवों को सिंचाई के लिए पानी मिलने की उम्मीद है।
खंडार में 181 मिमी बारिश
सवाई माधोपुर जिले में पिछले 24 घंटे में कुल 474.30 मिमी बारिश दर्ज की गई। इनमें खंडार में सबसे ज्यादा 181 मिमी बारिश हुई। मानसरोवर में 55, देवपुरा में 40, पांचोलास में 50, मोरा सागर में 16, भाड़ौती में 35, सवाई माधोपुर मानटाउन में 55 और सवाई माधोपुर तहसील में 54 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
चौथ का बरवाड़ा में 30, बामनवास में 35, मलारना डूंगर में 33, बौली में 23, मित्रपुरा में 25, गंगापुर सिटी में 19, वजीरपुर में 7, तलावड़ा में 45, बरनाला में 42 और भांवरा में 10 मिमी बारिश दर्ज हुई।
स्कूलों में छुट्टी
लगातार बारिश और भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए सवाई माधोपुर जिला प्रशासन ने 5 सितंबर को कक्षा 1 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए अवकाश घोषित किया है। यह आदेश सरकारी और निजी दोनों स्कूलों पर लागू रहेगा। हालांकि स्कूलों का शिक्षक और अन्य स्टाफ नियमित रूप से उपस्थित रहेगा।
जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों में 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए भी अवकाश रहेगा। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बच्चों को नदी-नालों, रपटों, झरनों और तेज बहाव वाले स्थानों से दूर रखें।
6 सितंबर को भी बारिश का दौर
मौसम विभाग के अनुसार 6 सितंबर को भरतपुर और जयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। कोटा, अजमेर और बीकानेर संभाग के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। हालांकि 7 सितंबर से भारी बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। इसके बावजूद भरतपुर, जयपुर और कोटा संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है।
बारिश से जहां लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है, वहीं खरीफ फसलों के लिए भी इसे काफी लाभदायक माना जा रहा है। प्रशासन ने जलभराव और तेज बहाव वाले इलाकों में लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।
