मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने किसानों को दी बड़ी राहत, एमएसपी पर गेहूं खरीद की अवधि 19 जून तक बढ़ाई

Friday, Jun 12, 2026-06:11 PM (IST)

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार ने किसानों को बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने रबी विपणन सीजन 2026-27 के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद की अवधि बढ़ाकर 19 जून, 2026 तक कर दी है। ऐसे सभी पंजीकृत किसान, जिनका गेहूं अभी तक नहीं बिक पाया था, अब 19 जून तक अपनी उपज समर्थन मूल्य पर बेच सकेंगे।

 

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार संवेदनशील निर्णय ले रही है। इसी क्रम में प्रदेश में गेहूं खरीद लक्ष्य 23.50 लाख मीट्रिक टन से बढ़ाकर 28.50 लाख मीट्रिक टन किया गया है। अब तक 3 लाख से अधिक किसानों से 25.90 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की गई है।

 

इसके साथ ही किसानों को 2 हजार 585 रुपये प्रति क्विंटल एमएसपी के अतिरिक्त 150 रुपये प्रति क्विंटल बोनस राज्य सरकार की ओर से दिया जा रहा है। इस तरह किसानों को प्रति क्विंटल 2 हजार 735 रुपये का कुल भुगतान किया जा रहा है। मुख्यमंत्री के निर्णय के फलस्वरूप राजस्थान उन अग्रणी राज्यों में शामिल है जहां किसानों को गेहूं का सर्वाधिक मूल्य प्राप्त हो रहा है। अब खरीद अवधि बढ़ाने से किसानों को अपनी उपज उचित मूल्य पर बेचने का अतिरिक्त अवसर मिलेगा।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का मानना है कि किसान समृद्ध होगा तभी देश समृद्ध होगा। इसी सोच के अनुरूप डबल इंजन सरकार किसानों की फसल का उचित मूल्य सुनिश्चित करने, खरीद प्रक्रिया को सरल बनाने तथा कृषि क्षेत्र को अधिक सशक्त करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। राज्य सरकार ने संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिए हैं कि निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप खरीद कार्य संचालित हो तथा किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही उपार्जित गेहूं के सुरक्षित भंडारण की समुचित व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।


Content Editor

Anil Jangid

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News