श्रीगंगानगर में हुआ PM फसल बीमा में फर्जीवाड़ा, मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने किया बुरा हाल
Thursday, Aug 20, 2026-12:51 PM (IST)
जयपुर। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PM Fasal Bima Yojana) में फर्जीवाड़े का दायरा लगातार बढ़ता ही जा रहा है। क्योंकि टोंक और जयपुर जिले के बाद अब श्रीगंगानगर जिले में भी बीमा पॉलिसियों के नाम पर बड़ा खेल सामने आया है। सूरतगढ़ के कालूसर गांव में एक ही खसरे की 10.37 हेक्टेयर जमीन पर कई पॉलिसियां बनाकर वास्तविक क्षेत्रफल से करीब सात गुना अधिक भूमि का बीमा करा दिया गया। इस फर्जीवाड़े के जरिए किसानों ने 31.15 लाख रुपए से अधिक का क्लेम भी उठा लिया।
यह मामला कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा (Dr. Kirodi Lal Meena) तक पहुंचा तो फिर आरोपियों की खैर नहीं रही और तुरंत उनके खिलाफ एफआइआर दर्ज कराने के आदेश दिए हैं। पड़ताल में यह बात सामने आई है कि खसरा नंबर 281/91 की वास्तविक भूमि के मुकाबले करीब सात गुना अधिक क्षेत्रफल पर अलग-अलग पॉलिसियां जारी कर फसल बीमा कराया गया।
इसी भूमि पर अन्य किसानों की ओर से कराई गई कुछ पॉलिसियां बीमा कंपनी ने रिजेक्ट कर दी गई थीं। फर्जीवाड़ा करने के आरोपी टोंक जिले की मालपुरा तहसील के किसान मुकेश सैनी, सीताराम सैनी और फूलचन्द एवं जयपुर जिले के दीपक सैनी एवं विनिता सैनी और फर्जीवाड़ा करने वाली ई-मित्र संचालकों के खिलाफ मामला दर्ज कराया जा रहा है।
इस मामले को लेकर कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा का कहना है कि प्रधानमंत्री फसल बीमा सहित किसी भी सरकारी योजना में किसी भी प्रकार का फर्जीवाड़ा या दुरुपयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दूसरी तरफ खरीफ 2026 फसल के लिए टोंक जिले की मालपुरा तहसील और जयपुर जिले की शाहपुरा तहसील में फर्जी फसल बीमा कराने की गोपनीय सूचना की जांच में शिकायत सही पाई गई, जिसके बाद कृषि विभाग ने सख्त एक्शन लिया है। आयुक्त कृषि नरेश कुमार गोयल की ओर से फर्जीवाड़ा करने वाले किसानों टोंक जिले की मालपुरा तहसील के मुकेश सैनी पुत्र फूलचन्द सैनी, सीताराम सैनी पुत्र फूलचन्द सैनी और फूलचन्द पुत्र हजारी लाल सैनी और जयपुर जिले के दीपक सैनी पुत्र दिनेश सैनी और विनिता सैनी पत्नी सीताराम सैनी, ई-मित्र एवं अन्य किसानों के विरूद्व पुलिस थाने में FIR दर्ज करवाकर कठोर कार्रवाई के लिए निर्देश जारी किए गए हैं।
