पंचायती राज उपचुनावों में जनता ने भजनलाल सरकार के विकास कार्यों पर लगाई मोहर- मदन राठौड़

Saturday, Feb 15, 2025-06:09 PM (IST)

जयपुर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद मदन राठौड़ ने प्रदेश की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राजस्थान के पंचायती राज उपचुनावों में प्रदेश की जनता ने भारतीय जनता पार्टी पर विश्वास जताकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की विकास की राजनीति पर मोहर लगाने का कार्य किया है। राठौड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश की सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति प्रदान की है। ऐसे में पहले विधानसभा उपचुनाव फिर अब पंचायती राज उप चुनावों में प्रदेश की जनता ने कांग्रेस को आइना दिखाने के साथ भाजपा पर अपना पूर्ण विश्वास जताया है। इसके लिए प्रदेश की जनता का आभार और धन्यवाद।
 
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि पंचायत समिति सदस्यों के उपचुनाव में 16 सीटों पर हुए चुनावों में भाजपा ने 4 सीटों पर बढ़त बनाते हुए 10 सीट जीती है, वहीं जिला परिषद सदस्य उप चुनाव में भाजपा ने 1 सीट पर बढ़त बनाते हुए 3 में से 2 सीटें अपनी झोली में डाली। पंचायत समिति सदस्य की 16 सीटों में से भाजपा प्रत्याशी ने वैर, भीनमाल, चितलवाना, कैरू, मकराना, राजसमंद, लक्ष्मणगढ, धोद, अजीतगढ और बालोतरा सीट पर विजय प्राप्त की। इसमें से लक्ष्मणगढ़, धोद और भीनमाल सीट पर भाजपा प्रत्याशी निर्विरोध जीत गए। इस तरह जिला परिषद सदस्यों के उपचुनाव में 3 सीटों में से 2 सीट बीकानेर और चित्तौडगढ़ सीट पर भाजपा प्रत्याशी की विजय हुई। इसमें चित्तोडगढ़ से भाजपा प्रत्याशी ने सर्वाधिक 2 हजार से अधिक मतों के अंतराल से जीत दर्ज कराई है। 

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि प्रदेश की भजनलाल शर्मा सरकार ने अपने एक साल के कार्यकाल में जनता से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देते हुए भाजपा के संकल्प पत्र के 50 फीसदी से अधिक वादों को पूरा करने का काम किया। मुख्यमंत्री शर्मा ने बेरोजगारों को रोजगार देने की दिशा में सराहनीय कदम उठाए, तो किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में एमएसपी बढ़ाने तथा किसान सम्मान निधि बढ़ाने का भी ऐतिहासिक कार्य किया है। इतना ही नहीं, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश में पहली बार भर्ती परीक्षाओं का कैलेंडर जारी करने काम भी किया। वहीं दूसरी ओर निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से राइजिंग राजस्थान के माध्यम से सरकार के पहले ही साल में 35 लाख करोड़ से अधिक के एमओयू साइन कर इनको धरातल पर लाने की दिशा में कार्य भी शुरू कर दिया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने महिला, युवा, किसान और गरीब के साथ हर वर्ग, हर समुदाय के लिए कार्य किया है। ऐसे में प्रदेश की जनता ने भाजपा के प्रत्याशियों को जीताकर विकास कार्यों पर मोहर लगाई है। 


Content Editor

Ishika Jain

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News