लगातार 34वें दिन संविदा नर्सिंग कर्मियों का धरना जारी, दीपक को न्याय एवं लंबित मांगों के समाधान की मांग
Thursday, Jul 16, 2026-06:07 PM (IST)
जयपुर: सवाई मानसिंह मेडिकल कॉलेज, जयपुर के गेट नंबर 3 पर संविदा नर्सिंग कर्मियों का अपनी न्यायसंगत मांगों को लेकर लगातार 34वें दिन भी धरना जारी रहा। संविदा नर्सिंग कर्मी लंबे समय से शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करते हुए सरकार और प्रशासन से अपनी मांगों के शीघ्र समाधान की मांग कर रहे हैं।
संयुक्त नर्सेज संघर्ष समिति के प्रांतीय संयोजक नरेंद्र सिंह शेखावत ,राजेंद्र राना ,चंद्रकांत शर्मा ,पवन मीना ,विनीता शेखावत ,जे पी कसवा,महिपाल सामोता,हरि सिंह भाटी ने कहा कि स्वर्गीय दीपक को न्याय दिलाने सहित संविदा नर्सेज की सभी लंबित मांगों को सरकार एवं प्रशासन को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र पूरा करना चाहिए। लंबे समय से संघर्षरत संविदा नर्सिंग कर्मियों की मांगों की लगातार अनदेखी से उनमें रोष व्याप्त है।
गत दिनों स्वर्गीय दीपक के परिवार को संबल प्रदान करने के लिए जयपुर जिला कलेक्टर द्वारा डेयरी बूथ आवंटन के निर्देश दिए गए तथा आर्थिक सहायता के लिए शीघ्र फंड रिलीज करने का आश्वासन भी दिया गया। वहीं, सवाई मानसिंह चिकित्सालय के चिकित्सा अधीक्षक द्वारा मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए स्वर्गीय दीपक की पत्नी को नौकरी का ऑफर दिया गया, जिसके लिए संविदा नर्सिंग कर्मियों ने प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
हालांकि, संविदा नर्सिंग कर्मियों का कहना है कि स्वर्गीय दीपक को न्याय, संविदा नर्सेज की नौकरी से संबंधित समस्या तथा अन्य लंबित मांगों का अभी तक पूर्ण समाधान नहीं हुआ है। इसलिए जब तक सभी न्यायसंगत मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।
संविदा नर्सिंग कर्मियों ने सरकार एवं प्रशासन से मांग की है कि संविदा नर्सेज की समस्याओं और मांगों पर तत्काल सकारात्मक कार्रवाई करते हुए शीघ्र समाधान किया जाए, ताकि लंबे समय से संघर्षरत नर्सिंग कर्मियों को न्याय मिल सके और उनके परिवारों को राहत मिल सके।
संविदा नर्सिंग कर्मियों ने स्पष्ट किया कि वे अपनी न्यायसंगत मांगों को लेकर शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेंगे,आज विकाश यादव ,नईमा परवीन,टीना जोशी ,प्रतिभा वर्मा ,डिंपल सैनी ,महेंद्र ,अरुण कुमार बसवाल के नेतृत्व में 34 वे दिन धरना जारी रहा ।
