मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के रक्षाबंधन मिलन समारोह में राजस्थानी फिल्म ‘म्हारो वीरो सांवरियो’ का टाइटल लॉन्च

Wednesday, Sep 16, 2026-07:53 PM (IST)

 जयपुर। मुस्लिम राष्ट्रीय मंच की ओर से शास्त्री नगर स्थित खंडेलवाल कॉलेज में मुस्लिम महिलाओं के लिए रक्षाबंधन मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सामाजिक सौहार्द, भाईचारे और आपसी एकता का संदेश दिया गया। समारोह के दौरान राजस्थानी फिल्म ‘म्हारो वीरो सांवरियो’ के टाइटल का भी लॉन्च किया गया।

फिल्म का टाइटल मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के मार्गदर्शक एवं RSS के राष्ट्रीय कार्यकारी सदस्य डॉ. इन्द्रेश कुमार के हाथों लॉन्च किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मुस्लिम महिलाएं एवं सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 स्थानीय कलाकारों के साथ राजस्थान के अलग-अलग स्थानों पर होगी शूटिंग

‘म्हारो वीरो सांवरियो’ फिल्म का निर्माण अनमोल टेलीफिल्म्स प्राइवेट लिमिटेड के बैनर तले किया जा रहा है। फिल्म के निर्माता अब्दुल अजीज खान हैं, जबकि निर्देशन की जिम्मेदारी निर्देशक महीपाल राव अंजान संभाल रहे हैं।

फिल्म की शूटिंग जल्द ही राजस्थान के अलग-अलग स्थानों पर शुरू की जाएगी। फिल्म में स्थानीय कलाकारों को भी मौका दिया जाएगा। निर्माताओं के अनुसार, फिल्म की कहानी और प्रस्तुति में राजस्थान की स्थानीय संस्कृति, परिवेश और कला को प्रमुखता देने का प्रयास किया जाएगा।

 रक्षाबंधन मिलन समारोह में सौहार्द का संदेश

रक्षाबंधन मिलन समारोह के दौरान भाई-बहन के रिश्ते, सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे पर जोर दिया गया। कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं ने रक्षाबंधन पर्व के माध्यम से सामाजिक एकता और सद्भावना का संदेश दिया।

फिल्म के टाइटल लॉन्च को भी कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण माना गया। ‘म्हारो वीरो सांवरियो’ के निर्माण की घोषणा के साथ ही राजस्थानी सिनेमा से जुड़े स्थानीय कलाकारों और फिल्म प्रेमियों में उत्साह देखने को मिला।

फिल्म की शूटिंग शुरू होने के बाद इसके कलाकारों, शूटिंग लोकेशन और रिलीज से जुड़ी अन्य जानकारी सामने आने की उम्मीद है।


Content Editor

Sourabh Dubey

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News