RSEB इंजीनियर्स एसोसिएशन के बैनर तले अभियंता दिवस समारोह आयोजित

Wednesday, Sep 16, 2026-06:48 PM (IST)

जयपुर। RSEB इंजीनियर्स एसोसिएशन के बैनर तले मंगलवार संध्या जयपुर के एक निजी होटल में अभियंता दिवस समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्युत क्षेत्र से जुड़े अभियंताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

 

कार्यक्रम में अधीक्षण अभियंता के.डी. तुली ने संबोधित करते हुए आने वाले समय में पावर सेक्टर के समक्ष उत्पन्न होने वाली विभिन्न चुनौतियों तथा बदलती तकनीकी एवं कार्यप्रणाली के अनुरूप अभियंताओं की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला।

 

अधीक्षण अभियंता अशोक कुमार बड़ाया ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि भविष्य में इस प्रकार के आयोजनों में अभियंताओं की भागीदारी और अधिक बढ़ाने के लिए प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने सभी अभियंताओं को अभियंता दिवस की शुभकामनाएं एवं बधाई प्रेषित की।

 

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रदेशाध्यक्ष विनोद आड़ा ने पावर सेक्टर के अभियंताओं से संबंधित विभिन्न समस्याओं एवं मुद्दों को सामने रखा। उन्होंने अभियंताओं से एकजुट होकर कार्य करने तथा आपसी समन्वय के माध्यम से समस्याओं के समाधान के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।

 

सहायक अभियंता (विजिलेंस) अंजना चौधरी ने संगठन के प्रति समर्पण एवं प्रतिबद्धता की भावना के साथ कार्य करने की बात कही। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए प्रत्येक अभियंता की सक्रिय सहभागिता एवं सहयोग आवश्यक है।

 

एसोसिएशन के महासचिव रामेश्वर गुर्जर ने संगठन की आवश्यकता, उद्देश्य एवं भूमिका पर विस्तार से विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि अभियंताओं से जुड़े व्यावसायिक एवं सेवा संबंधी विषयों को उचित मंच पर प्रभावी ढंग से उठाने तथा उनके समाधान के लिए एक संगठित प्रयास आवश्यक है।

 

कार्यक्रम के दौरान RSEB इंजीनियर्स एसोसिएशन की प्रथम आधिकारिक बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें अभियंताओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई तथा संगठन को मजबूत बनाने और भविष्य में सामूहिक रूप से कार्य करने पर विचार-विमर्श हुआ।

 

समारोह के अंत में उपस्थित अभियंताओं ने संगठन के उद्देश्यों की पूर्ति एवं अभियंताओं से जुड़े विषयों के समाधान के लिए सकारात्मक एवं सामूहिक प्रयास जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।


Content Editor

Anil Jangid

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News