भीलवाड़ा के सुभाषनगर थाना और डीएसटी की बड़ी कार्रवाई, 1 किलो 43 ग्राम अफीम व 16 लाख रुपए बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार
Tuesday, Feb 17, 2026-08:36 PM (IST)
भीलवाड़ा । पुलिस थाना सुभाषनगर एवं डीएसटी टीम ने अवैध मादक पदार्थ परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 1 किलो 43 ग्राम अफीम तथा 16 लाख रुपए नकद जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
रोडवेज बस स्टैंड पर दबिश
पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारस मल जैन के मार्गदर्शन एवं वृत सदर के पुलिस उप अधीक्षक माधव उपाध्याय के सुपरविजन में थाना प्रभारी प्रभाती लाल के नेतृत्व में 16 फरवरी 2026 को रोडवेज बस स्टैंड परिसर में कार्रवाई की गई। मुखबिर सूचना पर की गई तलाशी के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति के बैग से अवैध मादक पदार्थ अफीम एवं बड़ी मात्रा में नकदी बरामद की गई।
बिना लाइसेंस कर रहा था परिवहन
पुलिस के अनुसार आरोपी देराम राम चौधरी (69) निवासी जाखड़ो की ढाणी, नारवा थाना सुरसागर, जिला जोधपुर, बिना अनुज्ञापत्र 1 किलो 43 ग्राम अफीम एवं 16 लाख रुपए खरीद-फरोख्त के लिए परिवहन कर रहा था। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18 के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
यह टीम थी कार्यवाही में।
कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रभाती लाल के साथ डीएसटी टीम के अशोक कड़वा (विशेष योगदान), कमल चौधरी (विशेष योगदान), प्रतापराम, कन्हैयालाल सहित हाकम सिंह, नरेश, सत्यपाल, अमरसिंह एवं पंकज कुमार डूडी शामिल रहे। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले में मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और आपराधिक गतिविधियों पर सख्त नियंत्रण रखा जाएगा।
