गांधी वाटिका म्यूजियम उपेक्षा का शिकार, गहलोत ने सीएम भजनलाल शर्मा को लिखा पत्र

Wednesday, Jul 23, 2025-07:43 PM (IST)

जयपुर। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने सेंट्रल पार्क, जयपुर स्थित गांधी वाटिका म्यूजियम की बदहाल स्थिति को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को एक विस्तृत पत्र लिखा है। उन्होंने म्यूजियम की उपेक्षा को “राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के विचारों के प्रति सरकार की असंवेदनशीलता” बताया है।

गहलोत ने लिखा है कि उन्होंने 18 जुलाई को म्यूजियम का दौरा किया और पाया कि करीब 80 करोड़ रुपये की लागत से बना यह भव्य म्यूजियम गंभीर उपेक्षा का शिकार है। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि 2 अक्टूबर 2024 को उनके आग्रह पर ही मुख्यमंत्री ने म्यूजियम को आमजन के लिए खोला था।

गहलोत ने पत्र में उठाए 6 मुख्य बिंदु:

  1. प्रचार-प्रसार का अभाव – उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा म्यूजियम के बारे में कोई प्रचार नहीं किया गया, जिससे लोग इसके अस्तित्व से ही अनजान हैं।

  2. गाइड की नियुक्ति नहीं – गहलोत के अनुसार आधुनिक तकनीक से युक्त म्यूजियम में मार्गदर्शन के लिए कोई गाइड उपलब्ध नहीं है।

  3. साफ-सफाई की कमी – गांधीजी के विचारों के अनुरूप परिसर में पर्याप्त सफाईकर्मियों की नियुक्ति की आवश्यकता बताई।

  4. कैफेटेरिया बंद – RTDC को जिम्मेदारी देने के बावजूद कैफेटेरिया अभी तक शुरू नहीं किया गया।

  5. भवनीय समस्याएं – बारिश में अंडरग्राउंड गैलरियों में पानी टपकने की शिकायत की गई है, जिससे उपकरणों को नुकसान पहुंचने की आशंका है।

  6. सुविधाएं आमजन के लिए खोली जाएं – प्रार्थना हॉल, सेमिनार रूम और प्रदर्शनी हॉल को निश्चित शुल्क पर आमजन को उपलब्ध कराने का सुझाव।

गहलोत ने पत्र में यह भी लिखा कि “यह म्यूजियम दुनिया का सबसे उत्कृष्ट गांधी म्यूजियम बन सकता है, यदि सरकार इसे प्राथमिकता से ले।” उन्होंने विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रचार करने की मांग भी की।

“मुख्यमंत्री स्वयं करें दौरा” – गहलोत

गहलोत ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से अपील की है कि वे स्वयं गांधी वाटिका का दौरा करें और सोशल मीडिया व मीडिया के माध्यम से आमजन से इस म्यूजियम को देखने की अपील करें। उन्होंने कहा कि गांधी के विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व है।


Content Editor

Sourabh Dubey

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News