डूंगरपुर: एसबीपी कॉलेज में सीटें बढ़ाने की मांग तेज, विद्यार्थी मोर्चा ने किया प्रदर्शन
Friday, Jul 03, 2026-04:45 PM (IST)
डूंगरपुर। प्रथम वर्ष में सीमित प्रवेश क्षमता को लेकर डूंगरपुर के एसबीपी कॉलेज में छात्रों का विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। भील प्रदेश विद्यार्थी मोर्चा (बीपीवीएम) ने कॉलेज परिसर में प्रदर्शन करते हुए प्राचार्य डॉ. गणेशलाल निनामा को ज्ञापन सौंपा और सीटों के साथ-साथ नए सेक्शन बढ़ाने तथा विषय परिवर्तन की प्रक्रिया जल्द शुरू करने की मांग उठाई।
जिला संयोजक तुषार परमार और विजयपाल होता के नेतृत्व में बड़ी संख्या में छात्र नारेबाजी करते हुए प्राचार्य कार्यालय पहुंचे। संगठन ने बताया कि इस वर्ष प्रथम वर्ष में कला संकाय की 2100, बायोलॉजी की 264, गणित की 176 और कॉमर्स की 31 सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। सीमित सीटों के कारण कई योग्य विद्यार्थी अब भी प्रवेश से वंचित हैं।
विद्यार्थी मोर्चा का कहना है कि डूंगरपुर आदिवासी बहुल जिला है, जहां बड़ी संख्या में छात्र आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आते हैं। ऐसे विद्यार्थियों के लिए निजी कॉलेजों में शिक्षा प्राप्त करना आसान नहीं है। इसलिए सरकारी महाविद्यालय में प्रवेश क्षमता बढ़ाना समय की जरूरत है, ताकि अधिक से अधिक छात्रों को उच्च शिक्षा का अवसर मिल सके।
मांगों पर प्रतिक्रिया देते हुए प्राचार्य डॉ. गणेशलाल निनामा ने बताया कि कॉलेज प्रशासन ने पहले ही प्रथम वर्ष के कला और बायोलॉजी संकाय में अतिरिक्त सीटें बढ़ाने का प्रस्ताव उच्च अधिकारियों को भेज दिया है। उन्होंने बताया कि कला संकाय में चार अतिरिक्त सेक्शन (करीब 400 सीटें) और बायोलॉजी में दो नए सेक्शन (करीब 176 सीटें) शुरू करने का प्रस्ताव कॉलेज आयुक्त कार्यालय को भेजा गया है।
प्राचार्य ने आश्वासन दिया कि जैसे ही प्रस्ताव को मंजूरी मिलेगी, प्रवेश से वंचित विद्यार्थियों को नियमानुसार एडमिशन देने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
