धौलपुर में पीड़ित प्रतिकर स्कीम के तहत 3 मामलों में 10.50 लाख रुपए मुआवजे की सिफारिश
Friday, May 22, 2026-08:19 PM (IST)
राजस्थान के धौलपुर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से पीड़ित प्रतिकर स्कीम-2011 के तहत एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न मामलों में प्रस्तुत प्रार्थना पत्रों पर विचार करते हुए तीन मामलों में कुल 10 लाख 50 हजार रुपए की मुआवजा राशि देने की अनुशंसा की गई।
बैठक की अध्यक्षता जिला एवं सेशन न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष संजीव मागो ने की। बैठक में पीड़ित प्रतिकर योजना से जुड़े आवेदनों के निस्तारण और पात्र मामलों पर विस्तृत चर्चा की गई।
अधिकारियों के अनुसार समिति के समक्ष कुल सात प्रार्थना पत्र पेश किए गए थे। इनमें से तीन मामलों को मुआवजे के लिए उपयुक्त मानते हुए कुल 10.50 लाख रुपए की प्रतिकर राशि प्रदान करने की सिफारिश की गई।
बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव रेखा यादव, जिला कलेक्टर श्रीनिधि बीटी, जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट शैला फौजदार, लोक अभियोजक भगवान सिंह और अभिभाषक संघ अध्यक्ष हरिओम शर्मा सहित कई अधिकारी और न्यायिक प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक के अंत में सचिव रेखा यादव ने सभी अधिकारियों और सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
