CM भजनलाल सरकार का बड़ा एक्शन, जयपुर, जोधपुर, कोटा और उदयपुर में चार जगहों के बदले नाम
Monday, Jul 06, 2026-02:59 PM (IST)
जयपुर: राजस्थान की भजनलाल शर्मा सरकार ने एकबार फिर बड़ा एक्शन लेते हुए बड़ी घोषणा की है। जिसके तहत भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के अवसर पर सीएम शर्मा ने राज्य के 4 सबसे बड़े और महत्वपूर्ण शहरों- जयपुर, जोधपुर, कोटा और उदयपुर में स्थित प्रमुख सार्वजनिक पार्कों का नामकरण डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम पर करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री के इस फैसले का सबसे महत्वपूर्ण पहलू यह है कि इन चारों पार्कों में केवल नाम ही नहीं बदले जाएंगे, बल्कि वहां आने वाली स्थानीय जनता और खासकर युवा पीढ़ी को प्रेरित करने के लिए उनके जीवन और राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को समर्पित भव्य स्मारकों का निर्माण भी किया जाएगा।
आपको बता दें कि सीएम भजनलाल शर्मा ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर एक विशेष वीडियो संदेश जारी कर राज्य की जनता को इस बड़े फैसले की जानकारी दी। सीएम ने अपने संदेश में कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्र प्रथम की भावना, राष्ट्रीय एकता और अखंडता के प्रति पूरी तरह समर्पित रहा। उनके महान आदर्श आज भी हम सभी को एक मजबूत राष्ट्र निर्माण के लिए निरंतर प्रेरित करते हैं। उनकी जयंती के इस पावन अवसर पर हमारी सरकार ने राजस्थान के 4 प्रमुख पार्कों को उनके नाम से जोड़ने का संकल्प लिया है।
राज्य सरकार के इस नए फैसले के तहत राजधानी जयपुर में स्थित प्रसिद्ध और हरा-भरा वुडलैंड पार्क अब डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी पार्क के नाम से जाना जाएगा। वहीं, सूर्यनगरी जोधपुर के विवेक विहार कॉलोनी में स्थित लोकप्रिय सेंट्रल पार्क का नाम भी बदल दिया गया है। इसके साथ ही शिक्षा नगरी कोटा के रामचंद्रपुरा अटवाल नगर स्थित प्रमुख पार्क को भी अब नया नाम मिला है। जबकि, झीलों की नगरी उदयपुर की सेक्टर-12 योजना के तहत बने बड़े पार्क का भी नाम बदल दिया गया है। हालांकि, यह पहला मौका नहीं जब भजनलाल सरकार में जगहों के नाम बदले गए हैं बल्कि पहले भी कई शहरों और कस्बों तक के नाम बदले जा चुके हैं।
