चूरू में अवैध फ्यूल डिपो का खुलासा: दुकान से 156 लीटर पेट्रोल-डीजल जब्त, आरोपी गिरफ्तार
Friday, May 01, 2026-04:54 PM (IST)
चूरू जिले के सादुलपुर क्षेत्र में अवैध रूप से पेट्रोल-डीजल बेचने का मामला सामने आया है, जिससे आमजन की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं। घनी आबादी वाले इलाके में बिना अनुमति ईंधन का भंडारण और बिक्री गंभीर हादसे को न्योता दे सकती थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अभिजीत पाटील के निर्देशन में पुलिस ने गुरुवार को कार्रवाई की। सुबह करीब 10 बजे ‘राजू की ढाणी’ स्थित पेट्रोल पंप से मिली शिकायत के आधार पर टीम ने छापा मारा।
पुलिस और प्रवर्तन निरीक्षक प्रीति खेदड़ की टीम ने “मयंक वैरायटी स्टोर” पर दबिश दी, जहां ड्रमों और अन्य बर्तनों में भरा तरल पदार्थ जांच में पेट्रोल और डीजल पाया गया। जांच में सामने आया कि हरियाणा और राजस्थान के बीच ईंधन कीमतों के अंतर का फायदा उठाकर यह अवैध कारोबार किया जा रहा था।
कार्रवाई के दौरान कुल 156 लीटर पेट्रोल-डीजल जब्त किया गया। इसके साथ प्लास्टिक ड्रम, पाइप, माप उपकरण, रजिस्टर और डिजिटल भुगतान के साधन भी बरामद हुए। वैध लाइसेंस नहीं मिलने पर आरोपी सुमित (निवासी लुटाना) को गिरफ्तार कर आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांच एएसआई रामावतार को सौंपी गई है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि शहर में कई जगहों पर लंबे समय से अवैध रूप से पेट्रोल-डीजल और घरेलू गैस सिलेंडर बेचे जा रहे हैं, लेकिन शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं होती। पुलिस का कहना है कि ऐसे मामलों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
