अभिजीत दीपके से जयपुर थप्पड़ कांड जैसी बदसलूकी, अब दिल्ली में सरेआम हुआ हमला

Saturday, Jul 18, 2026-06:21 PM (IST)

नई दिल्ली/जयपुर। राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर शनिवार को आयोजित एक विरोध प्रदर्शन के दौरान युवा नेता और कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके पर एक महिला द्वारा स्याही फेंके जाने की घटना सामने आई। घटना उस समय हुई जब दीपके पेपर लीक, बेरोजगारी और परीक्षा प्रणाली में सुधार की मांग को लेकर आयोजित प्रदर्शन में मंच से संबोधित कर रहे थे। अचानक हुई इस घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और समर्थकों में नाराजगी देखने को मिली। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप किया।

 

दिल्ली की यह घटना एक महीने पहले जयपुर में हुई उस घटना की याद भी ताजा कर गई, जब 15 जून को अभिजीत दीपके पर कथित तौर पर हमला किया गया था। जयपुर के शहीद स्मारक पर आयोजित प्रदर्शन के दौरान उनके साथ मारपीट की घटना हुई थी।

 

15 जून को जयपुर में नीट पेपर लीक और केंद्रीय शिक्षा मंत्री से इस्तीफे की मांग को लेकर बड़ी संख्या में छात्र और युवा एकत्र हुए थे। अभिजीत दीपके के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर समर्थकों ने उनका स्वागत किया और उन्हें अपने कंधों पर उठा लिया। इसी दौरान भीड़ में मौजूद कुछ लोगों ने कथित रूप से उनके गले में पड़ा स्कार्फ खींचकर उन्हें नीचे गिराने का प्रयास किया।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इसके बाद कुछ लोगों ने उनके साथ हाथापाई की और थप्पड़ भी मारे। मौके पर मौजूद CJP कार्यकर्ताओं ने हस्तक्षेप कर संबंधित लोगों को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने उस समय मामले में कार्रवाई करते हुए कुछ लोगों को हिरासत में लिया था।

 

जयपुर की घटना के बाद भी अभिजीत दीपके ने मंच से अपने समर्थकों से शांति बनाए रखने की अपील की थी और प्रदर्शन को शांतिपूर्ण ढंग से जारी रखने का आग्रह किया था।

 

अब दिल्ली में हुई स्याही फेंकने की घटना के बाद एक बार फिर उनकी सुरक्षा और विरोध प्रदर्शनों के दौरान नेताओं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि, घटना के पीछे की वजह और संबंधित महिला के उद्देश्य को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने आना अभी बाकी है।

 

दोनों घटनाओं के बाद राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर विभिन्न प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। फिलहाल, दिल्ली पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जा रहा है।


Content Editor

Anil Jangid

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News