बजट में डूंगरपुर में बेणेश्वर धाम के विकास को लेकर बड़ा प्रावधान, रिवर फ्रंट के लिए 100 करोड़
Wednesday, Feb 11, 2026-07:55 PM (IST)
वित्त मंत्री और उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी द्वारा पेश किए गए वर्ष 2026-27 के राज्य बजट में डूंगरपुर जिले के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई हैं। आस्था, जल संरक्षण, सिंचाई, खेल और बिजली ढांचे से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता दी गई है।
बेणेश्वर धाम के विकास के लिए 130 करोड़
बजट में बेणेश्वर धाम के विकास को लेकर बड़ा प्रावधान किया गया है। संगम क्षेत्र और आबूदर्रा में घाटों के निर्माण तथा बेणेश्वर एनीकेट के रीमॉडलिंग कार्य के लिए 130 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। बेणेश्वर धाम वागड़ अंचल की आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां प्रतिवर्ष लगने वाले मेले में लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। इस घोषणा से क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
मोरन नदी के पुनर्जीवन और रिवर फ्रंट के लिए 100 करोड़
मोरन नदी को पुनर्जीवित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। नदी के दोनों किनारों पर घाटों का निर्माण, विशाल कुंड की स्थापना और खड़गदा गांव में रिवर फ्रंट के पहले चरण के विकास के लिए 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
खास बात यह है कि रिवर फ्रंट की पहल में स्थानीय लोगों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई थी। रामकथा जैसे आयोजनों और जनसहयोग से 2 करोड़ रुपये से अधिक राशि से जल संरक्षण से जुड़े कार्य पहले ही कराए जा चुके हैं। पूर्व में केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस परियोजना के शीघ्र क्रियान्वयन का भरोसा दिलाया था। बजट में राशि स्वीकृत होने पर क्षेत्र के संतों और सामाजिक प्रतिनिधियों ने खुशी व्यक्त की है।
सड़क और पुल निर्माण पर फोकस
जिले में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए 15 करोड़ रुपये की लागत से अंबाडा-पटली-जोहरा सड़क निर्माण और मोरन नदी पर पुलिया बनाने की घोषणा की गई है। इसके अलावा बाबरा का नाका-दोवड़ा, धाम का तालाब सीमलवाड़ा और चौरासी क्षेत्र में एनीकेटों की मरम्मत और जीर्णोद्धार का कार्य भी किया जाएगा।
बिजली और खेल सुविधाओं का विस्तार
सागवाड़ा क्षेत्र के वरसिंहपुर में 33/11 केवी जीएसएस स्थापित किया जाएगा, जिससे बिजली आपूर्ति में सुधार होगा। खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने के लिए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में मल्टीपर्पस इंडोर हॉल और सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक के निर्माण की भी घोषणा की गई है।
सिंचाई परियोजनाओं से किसानों को राहत
अमरपुरा बांध की नहर को अमरपुरा से डुका कनबा तक पुनर्जीवित और सुदृढ़ किया जाएगा, जिससे किसानों को सिंचाई में सुविधा मिलेगी। साथ ही अनास नदी के अतिरिक्त वर्षाजल को फीडर नहर के जरिए सोम कमला आंबा बांध तक पहुंचाने की योजना बनाई गई है, जिससे जल संसाधनों का बेहतर उपयोग हो सकेगा।
