राजस्थान में तेजी से होगा खेलों और खिलाड़ियों का विकास, बजट 2026-27 में की ये घोषणाएं
Wednesday, Feb 11, 2026-06:35 PM (IST)
जयपुर। राजस्थान सरकार में उप मुख्यमंत्री व वित्त मंत्री दिया कुमारी ने बजट 2026-27 पेश किया है। इस दौरान उन्होंने खेलों और खिलाड़ियों के विकास के लिए कई महत्वाकांक्षी योजनाओं की घोषणा की। बजट में सरकार ने राज्यभर में खेल सुविधाओं के विस्तार और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न पहलें प्रस्तावित की हैं। इसके तहत नए खेल स्टेडियमों का निर्माण धौलपुर, बानसूर, बांसवाड़ा, डूंगरपुर, जयपुर, कोटा, सीकर, झुंझुनूं और अन्य जिलों में किया जाएगा। इसके अलावा सम्राट पृथ्वीराज चौहान खेल स्टेडियम-ब्यावर और चित्रकूट स्टेडियम-जयपुर का भी विकास किया जाएगा।
इनडोर स्टेडियम और ट्रैक पर विशेष जोर
बजट में घोषणा की गई की पोकरण-जैसलमेर में नया इनडोर स्टेडियम बनेगा। डूंगरपुर जिला खेल स्टेडियम में मल्टीपर्पज इनडोर हॉल और सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक का निर्माण होगा। आरडी गर्ल्स कॉलेज-भरतपुर में इनडोर स्टेडियम का पुनर्विकास किया जाएगा। जैसलमेर में लगभग 30 करोड़ रुपये की लागत से सिंथेटिक ट्रैक और स्विमिंग पूल जैसी खेल सुविधाओं का निर्माण होगा। चित्तौड़गढ़ में इंदिरा गांधी स्टेडियम में 10 करोड़ रुपये की लागत से सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक लगाया जाएगा।
ग्रामीण खेल सुविधाओं का चरणबद्ध विकास
डिप्टी सीएम के बजट भाषण में बताया गया कि 2,500 से अधिक आबादी वाली ग्राम पंचायतों में ओपन जिम और खेल मैदान संबंधी सुविधाओं का चरणबद्ध विकास किया जाएगा।
खेल अकादमियों और प्रशिक्षण में सुधार
बजट 2026 की घोषणाओं के अनुसार चयनित स्टेडियमों और अकादमियों में निजी भागीदारी के माध्यम से खेल उपकरण और प्रशिक्षण सुविधाओं का स्तर बढ़ाया जाएगा। खेल परिषद की 22 आवासीय अकादमियों में सोलर पैनल लगाए जाएंगे। नाथद्वारा-राजसमंद में राणा पुंजा जनजातीय खेल अकादमी की स्थापना पर 10 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा जयपुर और उदयपुर में विश्वस्तरीय सुविधाओं वाली खेल अकादमियां विकसित की जाएंगी।
महत्वपूर्ण योजनाएं और खेल प्रतियोगिताएं
बजट घोषणा के मुताबिक जयपुर में महाराणा प्रताप खेल विश्वविद्यालय के आधारभूत संरचना विकास के लिए 100 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। ग्राम पंचायत, ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर पर 'खेलो राजस्थान यूथ गेम्स' का आयोजन करने के लिए 50 करोड़ रुपये आवंटित किए जाएंगे। राज्य स्तरीय विद्यालयी खेलकूद प्रतियोगिता के लिए प्रति खेल राशि 50 हजार रुपये से बढ़ाकर एक लाख रुपये की जाएगी।
साथ ही, उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि खेलों का विकास युवाओं को प्रेरित करने और राज्य में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए अत्यंत आवश्यक है। इन पहलों से राजस्थान में खेल के स्तर को नई ऊँचाइयों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
