जयपुर में लगा मुफ्त स्वास्थ्य महाकुंभ! खिलाड़ियों और आमजन ने उठाया विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाओं का लाभ

Sunday, Jun 07, 2026-07:26 PM (IST)

जयपुर। देश के सबसे प्राचीन खेल संस्थानों में से एक यूनियन फुटबॉल क्लब जयपुर (ट्रस्ट) एवं ह्यूमन ग्लोरी फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को रामनिवास बाग स्थित क्लब परिसर में एक निःशुल्क मल्टीस्पेशियलिटी चिकित्सा परामर्श, स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर का शुभारंभ यूनियन फुटबॉल क्लब जयपुर (ट्रस्ट) के उपाध्यक्ष श्री अनिल शर्मा, अध्यक्ष श्री लोकेश कुमार सिंह साहिल, सचिव श्री महिपाल स्वामी, ह्यूमन ग्लोरी फाउंडेशन के श्री प्रमोद जैन एवं श्रीमती मनीषा जैन, प्रतिष्ठा स्कूल संस्था की श्रीमती अर्पिता माथुर तथा कबड्डी प्रशिक्षक श्री राज नारायण शर्मा और श्री रामधन अत्तार द्वारा किया गया।

क्लब समन्वयक अभिनव स्वामी ने बताया कि यूनियन फुटबॉल क्लब सदैव खिलाड़ियों एवं आमजन के स्वास्थ्य हित में इस प्रकार के निःशुल्क शिविरों का आयोजन करता रहा है। ऐसे आयोजनों का उद्देश्य लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा उन्हें अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना है।

उन्होंने बताया कि शिविर में ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर, ईसीजी, फिजियोथेरेपी, जनरल फिजिशियन एवं ऑर्थोपेडिक परामर्श एवं जांच सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं। साथ ही एएसजी आई हॉस्पिटल की ओर से सभी आगंतुकों की निःशुल्क नेत्र जांच भी की गई।

शिविर में खिलाड़ियों के साथ-साथ बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भी भाग लिया तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्राप्त किया। उपस्थित लोगों ने इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे शिविरों के नियमित आयोजन की अपेक्षा व्यक्त की।
 


Content Editor

Kuldeep Kundara

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News