NDA सरकार के नेतृत्व में बिहार दोगुनी रफ्तार से बढ़ रहा आगे : सीएम भजनलाल शर्मा

Friday, Oct 17, 2025-06:47 PM (IST)

बिहार। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि आरजेडी और कांग्रेस लूट और भ्रष्टाचार के अड्डे है जिन्होंने केवल परिवारवाद की राजनीति की तथा बिहार के गरीबों को लूटा है। इन लोगों ने सत्ता के अहंकार में जनता की सेवा करने के बजाय केवल अपनी तिजोरियां भरी। उन्होंने कहा कि वर्तमान एनडीए सरकार ने अपना हर वादा पूरा किया है तथा दिन-रात मेहनत कर विकसित और समृद्ध बिहार बनाने के लिए काम कर रहे हैं।
    
शर्मा शुक्रवार को बिहार चुनाव के तहत डुमरा हवाई फील्ड पर एनडीए के विभिन्न प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मिथिला की पवित्र धरती पर जगत जननी मां जानकी का जन्म हुआ था। मिथिला की यह धरती केवल आस्था की भूमि नहीं है, बल्कि ज्ञान, कला, संस्कृति और संस्कारों की साक्षात् जननी है। महर्षि याज्ञवल्क्य, गार्गी, मैत्रेयी जैसे महान विद्वानों की भी यह कर्मभूमि रही है। उन्होंने कहा कि बिहार भारत का ज्ञानदीप है। यह वही भूमि है जहां भगवान बुद्ध को ज्ञान की प्राप्ति हुई तथा भगवान महावीर ने अहिंसा का संदेश दिया।

आरजेडी एवं कांग्रेस के समय बिहार में था जंगलराज
शर्मा ने कहा कि बिहार में लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी के शासनकाल में जंगलराज का शासन हुआ करता था। यह वह समय था जब कानून-व्यवस्था ध्वस्त हो गई थी, अपराध अपने चरम पर था। अपहरण, बलात्कार, हत्या, लूटपाट और डकैती रोजमर्रा की बात हो गई थी। सड़कों पर गड्ढे थे, शिक्षा व्यवस्था चरमरा गई थी तथा स्वास्थ्य सेवाएं ठप थी। उस दौर में बिहार देश का सबसे पिछड़ा राज्य बन गया था। उन्होंने कहा कि तत्कालीन सरकार के समय बिहार में रोजगार के अवसर समाप्त हो गए थे तथा बिहार के युवाओं को रोजी-रोटी के लिए दूसरे प्रदेशों में पलायन करना पड़ा। जो बिहार एक समय में ज्ञान और दर्शन का केंद्र था उसे आरजेडी एवं कांग्रेस के भ्रष्टाचार ने तार-तार कर दिया तथा बिहार के गौरव को मिट्टी में मिला दिया था।

एनडीए के शासनकाल में बिहार में कानून का राज हुआ स्थापित
शर्मा ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए सरकार ने बिहार को फिर से अपना खोया हुआ गौरव वापस दिलाने का काम किया है। आज बिहार में विकास की रोशनी दिख रही है। यहां कानून का राज स्थापित हुआ है तथा हजारों किलोमीटर की पक्की सड़कें बनी हैं। आज बेटियां निशुल्क उच्च शिक्षा प्राप्त कर रही है। उन्होंने कहा कि जीविका योजना के माध्यम से लाखों महिलाएं आत्मनिर्भर बनी हैं। दरभंगा एयरपोर्ट के विकास ने मिथिला, कोसी और सीमांचल के लोगों के लिए नए द्वार खोले हैं। उन्होंने कहा कि एनडीए के शासनकाल में बिहार 14 प्रतिशत से अधिक जीडीपी से विकास कर रहा है। साथ ही, पुनौरा धाम का पुनरुत्थान किया जा रहा है, जिसके तहत माँ जानकी के मंदिर का निर्माण राम मंदिर के तर्ज पर किया जा रहा है। 

प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व से बिहार विकसित प्रदेश बनने की ओर अग्रसर
उन्होनें कहा कि प्रधानमंत्री के विजन सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के आधार पर बिहार का तीव्र गति से विकास हो रहा है। उनके नेतृत्व में बिहार विकसित प्रदेश बनने की ओर अग्रसर है। बिहार में अब तक 74 लाख से अधिक किसानों को किसान सम्मान निधि की राशि मिल चुकी है। मिथिला की खेती को प्रोत्साहित करने के लिए मखाना बोर्ड का गठन किया गया है। डबल इंजन की सरकार ने बिहार में महिलाओं को नौकरियों में 35 प्रतिशत आरक्षण देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि बिहार में 125 यूनिट मुफ्त बिजली, वृद्धजन एवं विधवा महिलाओं को पेंशन वृद्धि, पीएम आवास योजना के तहत 60 लाख परिवारों को पक्का मकान मिला है। अब तक प्रधानमंत्री ने बिहार को 14 लाख 85 हज़ार करोड़ रूपये दिए हैं जबकि यूपीए सरकार ने 10 सालों में सिर्फ 2 लाख करोड़ दिए थे। 
    
शर्मा ने कहा कि अवैध घुसपैठिए बिहार में आकर आपके संसाधनों का उपयोग कर रहे हैं, रोजगार छीन रहे हैं तथा आपकी सुविधाओं का लाभ उठा रहे हैं। लेकिन तुष्टिकरण की राजनीति करने वाले इसे उजागर नहीं होने देना चाहते। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार की प्रतिबद्धता है हम घुसपैठियों को बर्दाश्त नहीं करेंगे तथा बिहार के संसाधनों की रक्षा करेंगे।

मुख्यमंत्री ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि बिहार को विकास, शिक्षा, रोजगार, सुरक्षा, और समृद्धि में आगे बढ़ाने तथा विकसित बिहार के सपने को साकार करने के लिए बाथनाहा से भाजपा प्रत्याशी अनिल कुमार राम, परिहार से गायत्री देवी, रीगा से बैद्यनाथ प्रसाद, सीतामढ़ी से सुनील कुमार पिंटू और सुरसंड से नागेन्द्र राउत को भारी मतों से विजय बनायें।

इस अवसर पर नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा केन्द्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी, सीतामढ़ी सांसद देवेश चन्द्र ठाकुर, धर्मशीला गुप्ता, दामोदर अग्रवाल, जुगल किशोर शर्मा, बिहार सरकार में मंत्री मोती लाल प्रसाद, राजस्थान सरकार में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत सहित विभिन्न जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में आमजन मौजूद थे।


Content Editor

Anil Jangid

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News