करौली में आयुष्मान आरोग्य मंदिर शिव कॉलोनी का शुभारंभ, विधायक दर्शन सिंह गुर्जर ने किया लोकार्पण
Monday, Feb 09, 2026-05:51 PM (IST)
करौली। जिला मुख्यालय के शिव कॉलोनी क्षेत्र में शुक्रवार को आयुष्मान आरोग्य मंदिर का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में करौली विधायक दर्शन सिंह गुर्जर ने फीता काटकर आयुष्मान आरोग्य मंदिर का लोकार्पण किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक दर्शन सिंह गुर्जर ने कहा कि राज्य सरकार आमजन को समयानुकूल, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह संकल्पित है। इसी उद्देश्य के तहत आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की स्थापना की जा रही है, ताकि लोगों को प्राथमिक स्तर पर ही बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि किसी भी नागरिक को इलाज के लिए दूर न जाना पड़े।
विधायक ने बताया कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप ‘मां योजना’ के अंतर्गत प्रदेश में इलाज को सरल, सुगम, सुलभ और समयबद्ध बनाया गया है। आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से आमजन को निःशुल्क परामर्श, प्राथमिक उपचार, जांच एवं स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग को विशेष लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. जयंतीलाल मीणा ने कहा कि राज्य सरकार की योजनाओं को जमीनी स्तर पर प्रभावी रूप से लागू किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए विभाग लगातार प्रयासरत है, ताकि मरीजों को समय पर इलाज मिल सके। उन्होंने शिव कॉलोनी के निवासियों को बधाई देते हुए कहा कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी आशुतोष पांडे, कार्यवाहक डीपीओ (शहरी) विश्वेंद्र शर्मा, डीपीसी-आईईसी लखन सिंह लोधा सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने आमजन से सरकार द्वारा संचालित स्वास्थ्य योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
