पिलानी में मण्णपुरम फाइनेंस घोटाला: 30 लाख के गबन में ब्रांच मैनेजर व सहायक मैनेजर गिरफ्तार
Tuesday, Feb 10, 2026-01:54 PM (IST)
पिलानी। पिलानी पुलिस ने मण्णपुरम फाइनेंस लिमिटेड की पिलानी शाखा में हुए बड़े गबन मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में ब्रांच मैनेजर संदीप सैनी और सहायक ब्रांच मैनेजर नरेन्द्र सिंह को गिरफ्तार किया है।
पिलानी थानाधिकारी चंद्रभान ने बताया की आरोपियों ने अपने रिश्तेदारों और परिचितों के नाम पर नकली सोना गिरवी रखकर करीब 30 लाख रुपये का लोन पास कर दिया। यह फर्जीवाड़ा शाखा के ऑडिट के दौरान सामने आया, जिसमें 30,08,281 रुपये की गड़बड़ी पाई गई।
कंपनी के एरिया मैनेजर लोकेश शर्मा ने 9 दिसंबर 2025 को पिलानी थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए अंडर स्टोन और नकली गहनों को असली बताकर लोन स्वीकृत किया।
पुलिस ने शाखा के रिकॉर्ड और सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें करीब 10 बैंक खाते ऐसे मिले, जिनमें इस फर्जी लोन की राशि ट्रांसफर की गई थी।
मामले में अपराध प्रमाणित होने पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस रिमांड लिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
