PNB Gold Loan Scam: नवलगढ़ में बैंक मैनेजर समेत 3 पर केस, 6.50 करोड़ का सोना नकली से बदला

Tuesday, Feb 03, 2026-05:05 PM (IST)

बैंक प्रबंधन की ओर से दर्ज करवाई गई रिपोर्ट के अनुसार, गोल्ड लोन के बदले ग्राहकों के सोने के आभूषण स्ट्रांग रूम में स्थित गोल्ड सेफ में सुरक्षित रखे गए थे। कुल 76 पैकेट्स की जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ। जांच में पाया गया कि 73 गोल्ड पैकेट्स में असली सोना निकालकर नकली आभूषण रख दिए गए, जबकि 3 पैकेट्स में सोने का वजन कम मिला।

बैंक की प्रारंभिक आंतरिक जांच में अब तक 4198 ग्राम सोना कम पाया गया है। बैंक प्रबंधन का मानना है कि विस्तृत जांच के बाद चोरी किए गए सोने की मात्रा और भी बढ़ सकती है।

इस मामले में तत्कालीन वरिष्ठ शाखा प्रबंधक अमित कुमार, उप प्रबंधक अनंतप्रकाश चौधरी और बैंकिंग कॉरेस्पोडेंट संतोष कुमार सैनी को आरोपी बनाया गया है। शिकायत बैंक के वर्तमान वरिष्ठ शाखा प्रबंधक मुकेश सिहाग द्वारा दर्ज करवाई गई है।

बैंक की ओर से की गई आंतरिक जांच में सीसीटीवी फुटेज की भी समीक्षा की गई। फुटेज में 21 जनवरी को आरोपी सोने से भरे बॉक्स लेकर शाखा से बाहर जाते हुए दिखाई दिए, जबकि 22 जनवरी को स्ट्रांग रूम में गोल्ड सेफ के पैकेट्स से छेड़छाड़ करते हुए भी कैमरे में कैद हुए।

जांच में यह भी सामने आया कि गोल्ड सेफ की संयुक्त अभिरक्षा के तहत उप प्रबंधक के पास मौजूद चाबी भी वरिष्ठ शाखा प्रबंधक को सौंप दी गई थी, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह अंदर से ही कमजोर कर दी गई।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बैंकिंग सिस्टम में सुरक्षा और निगरानी को लेकर अब कई गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

 


Content Editor

Payal Choudhary

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News